अंगूर अच्छे तो शराब क्यों बुरी ? संत ने दिया वो जवाब, जिसे सुनकर आप भी शराब छोड़ देंगे
punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 03:54 PM (IST)
Inspirational Context : एक संत अपने शिष्यों के साथ कहीं जा रहे थे। रास्ते में आने-जाने वाले लोग उनका अभिवादन कर रहे थे। तभी अचानक एक शराबी झूमता हुआ उनके सामने आकर खड़ा हो गया। उसने संत से पूछा, “आप लोगों से यह क्यों कहते फिरते हैं कि शराब बहुत खराब चीज है मत पिया करो। क्या अंगूर खराब होते हैं? क्या चावल बुरी चीज है? अगर ये दोनों चीजें अच्छी हैं तो इनसे बनने वाली शराब कैसे बुरी हो गई?”
लोग हैरत से देखने लगे कि संत इस पर क्या जवाब देते हैं। संत बोले, “ भाई, अगर तुम पर कोई मुट्ठी भर मिट्टी फैंके या कटोरा भर पानी डाल दे तो क्या उससे तुम्हें चोट लगेगी?”
शराबी ने न में सिर हिलाया तो संत ने फिर कहा, “लेकिन इसी मिट्टी में पानी डालकर उसकी ईंट बनाकर तुम पर फैंकी जाए तब?”
शराबी ने कहा, “जाहिर सी बात है, उससे तो मैं घायल ही हो जाऊंगा।”
संत ने शराबी को फिर समझाते हुए कहा, “देखो भाई, जब मिट्टी में पानी डालकर उसकी ईंट बनाकर तुम पर फैंकी जाए तब तुम उससे घायल हो जाओगे, इसी प्रकर अंगूर और चावल भी अपने आप में बुरे नहीं हैं, लेकिन यदि इन्हें मिलाकर शराब बनाकर सेवन किया जाए तो यह मनुष्य के लिए नुकसानदेह है। यह स्वास्थ्य को खराब करती है। इससे व्यक्ति की सोचने की क्षमता पर भी बहुत बुरा असर पड़ता है। इसके कारण कई बार अनेक परिवार नष्ट हो जाते हैं।” संत की इस बात का उस शराबी पर गहरा असर पड़ा। उसने उसी दिन शराब से तौबा कर ली।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
