गोवर्धन पूजा पर क्यों सजाए जाते हैं गाय-बैल? जानें इस परंपरा के पीछे छिपी पौराणिक कथा और रहस्य

punjabkesari.in Monday, Nov 09, 2026 - 09:39 AM (IST)

Why Worship Cows On Govardhan Puja : सनातन धर्म में गोवर्धन पूजा का बहुत खास महत्व है। हर साल दिवाली के अगले दिन यह पर्व बहुत ही उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण, गोवर्धन पर्वत और गायों की पूजा करने की परंपरा है। कई जगहों पर लोग अपने घरों और गांवों में गाय-बैल को नहलाकर उनका श्रृंगार करते हैं। उनके सीगों पर रंग लगाया जाता है और गले में फूलों की मालाएं पहनाई जाती हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि गोवर्धन पूजा पर गाय और बैलों को सजाने की परंपरा क्यों निभाई जाती है। तो आइए जानते हैं इसके पीछे की पौराणिक कथा और रहस्य के बारे में-

गोवर्धन पूजा पर क्यों किया जाता है गाय-बैलों का शृंगार?

हिंदू धर्म में  गाय को माता का दर्जा दिया गया है। वहीं बैल को कृषि और ग्रामीण जीवन का महत्वपूर्ण आधार माना जाता है। पुराने समय में खोती-किसानी से लेकर दूध, दही और घी जैसी जरूरतों के लि पशुधन पर निर्भ रहती थी। ऐसे में गाय और बैलों के प्रति आभार प्रकट करने के लिए गोवर्धन  पूजा के अवसर पर उनका विशेष श्रृंगार किया जाता है। इस दिन पशुओं को स्नान कराया जाता है। उनके माथे पर तिलक लगाया जाता है और फूलों की मालाओं, रंगों तथा अन्य सजावटी वस्तुओं से उन्हें सजाया जाता है। कई स्थानों पर उनके लिए विशेष पकवान भी तैयार किए जाते हैं। यह परंपरा पशुओं के प्रति प्रेम, देखभाल और कृतज्ञता का प्रतीक मानी जाती है।

भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी है गोवर्धन पूजा की पौराणिक कथा

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, द्वापर युग में ब्रज के लोग वर्षा के देवता इंद्र की पूजा किया करते थे। उनका मानना था कि इंद्र देव की कृपा से वर्षा होती है और खेती अच्छी होती है। एक बार भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को समझाया कि उनके जीवन और आजीविका में गोवर्धन पर्वत, प्रकृति और पशुधन का बहुत बड़ा योगदान है। इसलिए उन्हें प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करना चाहिए। श्रीकृष्ण की बात मानकर ब्रजवासियों ने इंद्र की पूजा के स्थान पर गोवर्धन पर्वत की पूजा की। इससे क्रोधित होकर इंद्र देव ने ब्रज में मूसलाधार बारिश शुरू कर दी। लगातार वर्षा के कारण पूरा क्षेत्र जलमग्न होने लगा और लोगों के सामने संकट खड़ा हो गया। तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठा लिया। ब्रजवासी अपने परिवार और गाय-बैलों के साथ पर्वत के नीचे आकर सुरक्षित हो गए। सात दिनों तक श्रीकृष्ण ने पर्वत को धारण किए रखा। आखिरकार इंद्र देव को अपनी गलती का एहसास हुआ और उन्होंने वर्षा रोक दी। तभी से गोवर्धन पूजा का पर्व मनाने की परंपरा प्रचलित मानी जाती है।

गायों को भगवान श्रीकृष्ण से क्यों जोड़ा जाता है?

भगवान श्रीकृष्ण का गायों के साथ विशेष संबंध रहा है। उन्हें गोपाल और गोविंद जैसे नामों से भी जाना जाता है। बाल्यकाल में श्रीकृष्ण ग्वाल-बालों के साथ गायों को चराने जंगलों में जाया करते थे। उनकी लीलाओं में गायों का विशेष स्थान बताया गया है। इसी वजह से गोवर्धन पूजा के दिन गायों की सेवा और पूजा करना बेहद शुभ माना जाता है। इस दिन गौ माता को तिलक लगाकर फूलों से सजाया जाता है और उन्हें हरा चारा, गुड़ तथा अन्य खाद्य पदार्थ खिलाए जाते हैं। मान्यता है कि गौ सेवा से भगवान श्रीकृष्ण प्रसन्न होते हैं और परिवार पर अपनी कृपा बनाए रखते हैं।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News