आंखें कुछ कहती हैं, समझें इशारे और जानें दिल में छुपे राज़
punjabkesari.in Tuesday, Apr 21, 2020 - 05:40 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
आंखें जीवन का आईना होती हैं। आंखें न हों तो जीवन में कोई रंग नहीं होता और प्रकृति के सुन्दर नजारों का दीदार नहीं हो सकता। आंखों से किसी भी व्यक्ति का व्यक्तित्व जाना जा सकता है। प्यार, प्रेम, घृणा, ममता, क्रोध, वात्सल्य, करूणा, दया इत्यादि बातों की जानकारी आंखें देखकर ही मालूम हो जाती है। कोई किसी से प्यार करता है तो उसकी आंखों में एक अलग ही चमक होती है। शास्त्रों में कहा गया है कि: पूर्णचंद्रमुखी या च बालसूर्य-समप्रभा,विशालनेत्रा विम्बोष्ठी सा कन्या लभते सुखम्।या च कांचनवर्णाभ रक्तपुष्परोरूहा, सहस्त्रााणं तु नारीणां भवेत् सापि पतिव्रता॥
अर्थात्: जिस कन्या का मुख चन्द्रमा के समान गोल, शरीर का रंग गोरा, आंखें थोड़ी बड़ी और होंठ हल्की सी लालिमा लिए हुए हों तो वह कन्या अपने जीवन काल में सभी सुख भोगती है। जिस स्त्री के शरीर का रंग सोने के समान हो और हाथों का रंग कमल के समान गुलाबी हो तो वह हजारों पतिव्रताओं में प्रधान होती है।
आंखें किसी भी व्यक्ति का जीवन-चित्रण करती हैं आईए जानते हैं:
किसी की आंखें गहरी और काली पुतलियों वाली हों तो ऐसी आंखें शुभ होती हैं।
यदि कोई आंखों से आंखें मिलाकर बात नहीं करता है तो उसके मन में चोर होता है।
भूरी आंखों वाले जातक चालाक होते हैं।
नीली आंखों वाले भी चालाक होते हैं इन पर विश्वास करने से पूर्व जांच-पड़ताल कर लेनी चाहिए।
किसी जातक की आंखें मछली जैसी दिखाई दें तो समझ जाना कि यह जातक चंचल स्वभाव का है।
शहद जैसी आंखों वाले जातक से सावधान रहना चाहिए।
बड़ी आंखों वाले जातक अच्छे होते हैं। ये जरूरत के समय मदद भी करते हैं।
छोटी पलकों वालों का जीवन संघर्षमय होता है।
बार-बार पलक झपकाने वाले जातक अपने आप को बहुत चतुर समझते हैं।
देर से पलक झपकाने वाले जातक धनी और मन से शांत होते हैं।
अन्दर तक आंखें गहरी हों अर्थात देखने में धंसी हुई-सी लगें तो ऐसे जातक रहस्यमय होते हैं।
नशीली आंखें अर्थात आंखों में नशा-सा दिखाई देने वाले जातक चालाक होते हैं।