Holi 2026 Morning Rituals: होली की सुबह रंग खेलने से पहले करें ये काम, जानें कौन सा गुलाल है सबसे शुभ ?
punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 01:18 PM (IST)
Holi 2026 Morning Rituals: फाल्गुन मास की पूर्णिमा को होलिका दहन के साथ बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व मनाया जाता है और अगले दिन रंगों की होली खेली जाती है। वर्ष 2026 में होली 4 मार्च को मनाई जाएगी। धार्मिक परंपरा के अनुसार, होली की शुरुआत रंग खेलने से पहले भगवान की पूजा और उन्हें अबीर-गुलाल अर्पित करके करनी चाहिए। मान्यता है कि ऐसा करने से घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और वर्ष भर सुख-शांति बनी रहती है।

ऐसे करें होली की शुभ शुरुआत
होली के दिन प्रातः स्नान के बाद सबसे पहले अपने इष्ट देव की पूजा करें। उन्हें अबीर-गुलाल अर्पित करें और उसके बाद ही परिवार व मित्रों के साथ रंग खेलें। इसे शुभ और मंगलकारी माना गया है।

गणेश को चढ़ाएं सिंदूर या नारंगी गुलाल
भगवान गणेश को प्रथम पूज्य माना जाता है। होली के दिन उन्हें सिंदूर या नारंगी रंग का गुलाल अर्पित करना शुभ होता है। साथ ही मोदक का भोग लगाने से कार्यों में सफलता और विघ्नों से मुक्ति की कामना की जाती है।
श्रीराधाकृष्ण को लगाएं अबीर-गुलाल
होली का पर्व राधा-कृष्ण की लीलाओं से जुड़ा है। मान्यता है कि ब्रज में पहली होली राधा और श्रीकृष्ण ने ही खेली थी। होली के दिन घर के मंदिर में रंग, अबीर, गुलाल और पिचकारी रखकर पूजा करें। राधा जी को चटख रंग का गुलाल और श्रीकृष्ण को हल्का या मटमैला गुलाल अर्पित करना शुभ माना जाता है।
विष्णु और उनके अवतारों को अर्पित करें पीला गुलाल
भगवान विष्णु और उनके अवतारों जैसे श्रीराम व श्रीकृष्ण की पूजा करने वाले श्रद्धालुओं को पीले रंग का गुलाल चढ़ाना चाहिए। पीला रंग ज्ञान, समृद्धि और शुभता का प्रतीक है। इस दिन पीले फल या मिठाई का भोग लगाना भी फलदायी माना गया है।
शिव जी को लगाएं नीला या लाल गुलाल
भोलेनाथ को होली पर नीले या लाल रंग का गुलाल अर्पित किया जा सकता है। साथ ही बेलपत्र, भस्म और पुष्प अर्पित करना भी शुभ माना गया है। इससे जीवन की बाधाओं के निवारण की कामना की जाती है।
लक्ष्मी को चढ़ाएं पीला रंग
धन और समृद्धि की देवी मां लक्ष्मी को होली के दिन पीले रंग का गुलाल अर्पित करना शुभ माना गया है। इससे घर में सुख-समृद्धि और आर्थिक उन्नति की कामना की जाती है।
सरस्वती को अर्पित करें पीला गुलाल
विद्या और ज्ञान की देवी मां सरस्वती को सफेद पुष्प और पीले रंग का गुलाल चढ़ाना उत्तम माना जाता है। यह बुद्धि और ज्ञान में वृद्धि का प्रतीक है।
हनुमान को चढ़ाएं सिंदूरी गुलाल
होली के दिन हनुमान जी को सिंदूरी रंग का गुलाल अर्पित करना शुभ होता है। गुड़ से बनी मीठी रोटी का भोग लगाने की परंपरा भी प्रचलित है। इसे साहस, शक्ति और संरक्षण से जोड़ा जाता है।
दुर्गा को अर्पित करें लाल गुलाल
मां दुर्गा को होली पर लाल रंग का गुलाल या लाल चुनरी अर्पित करना विशेष फलदायी माना गया है। इससे शक्ति और संरक्षण का आशीर्वाद प्राप्त होता है। इस दिन जरूरतमंदों को वस्त्र दान करना भी शुभ माना गया है।
होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आस्था और सकारात्मक ऊर्जा का पर्व भी है। यदि दिन की शुरुआत भगवान की पूजा और उन्हें गुलाल अर्पित कर की जाए तो यह पूरे वर्ष के लिए मंगलकारी माना जाता है।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
