पंथक संगठन 13 साल बाद एक ही तारीख को मनाएंगे गुरु अर्जन देव का शहीदी पर्व: कालका, काहलों
punjabkesari.in Tuesday, Jun 02, 2026 - 11:58 AM (IST)
नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): केंद्र सरकार ने 18 जून को गुरु अर्जन देव के शहीदी गुरुपर्व के अवसर पर 1000 श्रद्धालुओं के जत्थे को पाकिस्तान भेजने की अनुमति दे दी है। इसके साथ ही 13 वर्षों बाद ऐसा होगा कि भारत, पाकिस्तान और दुनिया भर के पंथक संगठन एक ही तारीख को गुरु अर्जन देव का शहीदी पर्व मनाएंगे।
यह जानकारी दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका और महासचिव जगदीप सिंह काहलों ने दी। शहीदी दिवस मनाने के लिए जत्था 10 जून को वाघा बॉर्डर के रास्ते पाकिस्तान में प्रवेश करेगा और 18 जून को शहीदी दिवस मनाने के बाद 19 जून को उसी मार्ग से वापस भारत लौटेगा।
उन्होंने कहा, 1000 श्रद्धालुओं के इस जत्थे में से 600 श्रद्धालु शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा भेजे जाएंगे, जबकि 300 श्रद्धालु दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी तथा शेष श्रद्धालु हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और देश के अन्य हिस्सों की गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों द्वारा भेजे जाएंगे।
उन्होंने बताया कि दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी की ओर से गुरमीत सिंह भाटिया जत्थे का नेतृत्व करते हुए पाकिस्तान जाएंगे। शहीदी दिवस के अलावा भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने महाराजा रणजीत सिंह की बरसी पर भी जत्था भेजने की मंजूरी दे दी है। इसके तहत 500 श्रद्धालुओं का जत्था जाएगा।
जिसमें 300 श्रद्धालु शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा भेजे जाएंगे, जबकि शेष 200 श्रद्धालुओं में 100 दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी तथा 100 हरियाणा कमेटी और अन्य प्रबंधक कमेटियों द्वारा भेजे जाएंगे।
