Festive Season Food Safety: त्योहारों में मिलावटखोरों की खैर नहीं, FSSAI ने कसा शिकंजा
punjabkesari.in Tuesday, Oct 06, 2026 - 09:47 AM (IST)
नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): त्योहारों की मिठास में मिलावट घोलने वालों की अब खैर नहीं। नवरात्रि और दिवाली से पहले एफसएसएआई ने देशभर में मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ने के निर्देश दिए हैं। मिठाई, घी, दूध, पनीर, खोया, नमकीन, खाद्य तेल और पेय पदार्थों से लेकर कुट्टू-सिंघाड़े के आटे तक की जांच होगी। राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को बाजारों और संवेदनशील इलाकों में छापेमारी, निरीक्षण और सैंपलिंग तेज करने को कहा गया है।
एफसएसएआई ने साफ किया है कि त्योहारों में मांग बढ़ने का फायदा उठाकर नकली, मिलावटी या असुरक्षित खाद्य पदार्थ बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। खास हॉटस्पॉट और संवेदनशील बाजारों पर निगरानी बढ़ाने के साथ ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स’ मोबाइल वैन को भी मैदान में उतारा जाएगा। इन वैन से मौके पर ही खाद्य पदार्थों की जांच कराई जाएगी। हर जांच और सैंपल की रिपोर्ट एफओएससीओएस या एफओएससीओआरआईएस पर रियल टाइम में दर्ज करना अनिवार्य होगा।
