Festive Season 2026: त्यौहारी सीजन में मिलावट पर शिकंजा, पंजाब में खाद्य पदार्थों की जांच तेज
punjabkesari.in Tuesday, Sep 22, 2026 - 08:35 AM (IST)
चंडीगढ़/जालंधर (धवन): आगामी त्यौहारी सीजन को देखते हुए पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राज्यभर में जांच अभियान तेज कर दिया है। फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन (एफ.डी.ए.) पंजाब की ओर से पनीर, खोया, मिठाइयों और बेकरी उत्पादों की गुणवत्ता के साथ खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं सुरक्षा मानकों की भी जांच की जा रही है।
त्यौहारों के दौरान मिठाइयों, डेयरी उत्पादों और बेकरी वस्तुओं की मांग बढ़ने के मद्देनजर विभाग ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा कानूनों और निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। कच्चे माल की उचित खरीद एवं भंडारण, साफ-सफाई और सुरक्षित तरीके से खाद्य पदार्थ तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मिलावट या घटिया गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।
एफ.डी.ए. पंजाब की कमिश्नर कंवलप्रीत बराड़ ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की निगरानी के लिए पूरे राज्य में विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। 12 और 13 सितम्बर को पनीर तथा खोए की गुणवत्ता जांच के लिए राज्य स्तरीय अभियान चलाया गया। इस दौरान 216 नमूने लिए गए जिन्हें विस्तृत जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा कानूनों एवं नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 19 और 20 सितम्बर को मिठाई तथा बेकरी उत्पादन इकाइयों में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान पूरे पंजाब में 250 निरीक्षण किए गए। नियमों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों को 101 सुधार नोटिस जारी किए गए, जबकि उल्लंघन के मामलों में मौके पर ही 20 चालान किए गए।
कमिश्नर कंवलप्रीत बराड़ ने कहा कि त्यौहारी सीजन के दौरान सख्त निगरानी, निरीक्षण और औचक जांच का सिलसिला लगातार जारी रहेगा।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Related News
Kanya Sankranti 2026 : कब मनाई जाएगी कन्या संक्रांति 2026, नोट कर लें शुभ मुहूर्त और पुण्यकाल का समय
