सीएम रेखा गुप्ता और केंद्रीय मंत्री ने 1400 श्रद्धालुओं को सोमनाथ ले जा रही ट्रेन को रवाना किया
punjabkesari.in Friday, May 01, 2026 - 08:48 AM (IST)
नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वीरवार को ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व - सोमनाथ यात्रा’ की शुरुआत की। उन्होंने सफदरजंग रेलवे स्टेशन से करीब 1400 श्रद्धालुओं को लेकर जाने वाली विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी के साथ दिल्ली देश का पहला ऐसा राज्य/केंद्र शासित प्रदेश बन गया, जिसने एक साथ श्रद्धालुओं को इतनी बड़ी संख्या में सोमनाथ यात्रा पर भेजा है। फ्लैग-ऑफ समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। राजस्थान, गुजरात, हरियाणा और पंजाब की लोक कलाएं प्रस्तुत की गईं। पारंपरिक नृत्यों ने माहौल को भक्ति और सांस्कृतिक रंगों से भर दिया।

यात्रा के दौरान सरकार द्वारा श्रद्धालुओं को सोमनाथ मंदिर सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। यात्रा का पूरा रेल किराया और भोजन दिल्ली सरकार दे रही है। वहीं, गुजरात सरकार यात्रियों के ठहरने, स्थानीय परिवहन और मंदिर दर्शन की पूरी व्यवस्था करेगी। केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य देश की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय स्वाभिमान को कालजयी सोमनाथ मंदिर की गौरवगाथा के माध्यम से प्रस्तुत करना है।

दिल्ली के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि सरकार का यह प्रयास केवल एक यात्रा की व्यवस्था भर नहीं, बल्कि नागरिकों की आस्था, सम्मान और सांस्कृतिक जुड़ाव को सशक्त करने का संकल्प है। यह विशेष ट्रेन सफदरजंग रेलवे स्टेशन से गुजरात के वेरावल तक जाएगी। वहां से श्रद्धालु सोमनाथ मंदिर और अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे। सभी यात्री 5 मई को दिल्ली लौटेंगे। यात्रा के लिए 19 एसी 3-टियर कोच लगाए गए हैं। यात्रियों के आराम का खास ध्यान रखा गया है। हर कोच में दो टीम लीडर तैनात किए गए हैं, जो पूरी यात्रा में मदद करेंगे। ट्रेन में डॉक्टरों की टीम भी मौजूद है। साथ ही, हाउसकीपिंग स्टाफ और रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स तैनात है।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
