Chhath Puja 2025 Calendar: छठ पूजा 2025 कैलेंडर के साथ जानें पूरी Detail
punjabkesari.in Friday, Oct 24, 2025 - 06:54 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Chhath Puja Calendar 2025: दीवाली से छठे दिन सूर्योपासना के लिए प्रसिद्ध पर्व छठ पूजा मनाया जाता है। मूलत: सूर्य षष्ठी व्रत होने के कारण भी इसे छठ कहा गया है। यह पर्व साल में दो बार मनाया जाता है। पहली बार चैत्र में और दूसरी बार कार्तिक में। चैत्र शुक्ल पक्ष षष्ठी पर मनाए जाने वाले छठ पर्व को चैती छठ व कार्तिक शुक्ल पक्ष षष्ठी पर मनाए जाने वाले पर्व को कार्ति की छठ कहा जाता है। पारिवारिक सुख-समृद्धि तथा मनोवांछित फल प्राप्ति के लिए यह पर्व मनाया जाता है। इस पर्व को स्त्री और पुरुष समान रूप से मनाते हैं। पुत्र सुख पाने के लिए भी इस पर्व को मनाया जाता है।
कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को मनाए जाने वाले छठ त्योहार की शुरुआत नहाय खाय से हो जाती है। यह छठ पूजा का पहला दिन होता है, जिस दिन व्रतधारी सुबह नहाकर लौकी, चने की दाल और चावल देसी घी से बनाकर खाते हैं। इसके अगले दिन खरना, डूबते सूर्य को अर्घ्य व उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा।

छठ पूजा एक कठिन तपस्या की तरह है। यह ज्यादातर महिलाओं द्वारा किया जाता है किंतु कुछ पुरुष भी यह व्रत रखते हैं। व्रत रखने वाले लोगों को भोजन के साथ ही सुखद जीवन का भी त्याग करना होता है। पर्व के लिए बनाए गए कमरे में व्रत रखने वाले को फर्श पर एक कंबल या चादर के सहारे ही रात बिताई जाती है। इस उत्सव में शामिल होने वाले लोग नए कपड़े पहनते हैं। पर व्रती ऐसे कपड़े पहनते हैं, जिनमें किसी प्रकार की सिलाई नहीं की होती है। महिलाएं साड़ी और पुरुष धोती पहनकर छठ करते हैं। शुरू करने के बाद छठ पर्व को सालोंसाल तब तक करना होता है, जब तक कि अगली पीढ़ी की किसी विवाहित महिला को इसके लिए तैयार न कर लिया जाए। घर में किसी की मृत्यु हो जाने पर यह पर्व नहीं मनाया जाता है।

छठ मईया को मौसमी फल गन्ना, नींबू, शरीफा, सेब, केला, संतरा, अमरूद चढ़ाए जाने के साथ ही नारियल, हल्दी, सुथनी, शकरकंदी, पान, सुपारी, कपूर, चंदन, मिठाई, ठेकुआ, पुआ, चावल के बने गुड़ वाले लड्डू भी चढ़ाए जाते हैं। सूर्य को अर्घ्य बांस या पीतल के बने सूप या टोकरी से दिया जाता है। व्रतधारी कमर तक नदी या पोखरे में उतरकर अर्घ्य देते हुए उपासना करते हैं और विश्व के कल्याण की प्रार्थना करते हैं।

Chhath Puja 2025 Calendar छठ पूजा 2025 कैलेंडर
25 अक्टूबर 2025, शनिवार : नहाय-खाय
26 अक्टूबर 2025, रविवार : लोहंडा, खरना
27 अक्टूबर 2025, सोमवार : सूर्य देव को दिया जाएगा संध्याकालीन अर्घ्य
28 अक्टूबर 2025, मंगलवार : सूर्य नारायण को दिया जाएगा प्रातःकालीन अर्घ्य

Sunset and Sunrise times 2025 सूर्यास्त और सूर्योदय का समय 2025
27 अक्टूबर के दिन सूर्यास्त शाम 05:40 पर होगा। फिर अगले दिन 28 अक्टूबर सूर्योदय सुबह 06 बजकर 30 मिनट पर होगा।

