यमुनोत्री यात्रा के लिए प्रशासन मुस्तैद ! अब बिना फिटनेस सर्टिफिकेट नहीं चलेंगे घोड़े-खच्चर, पंजीकरण अभियान शुरू

punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 03:17 PM (IST)

Char Dham Yatra News : आगामी 19 अप्रैल 2026 से शुरू होने वाली यमुनोत्री धाम की यात्रा को लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और पशुओं के कल्याण को ध्यान में रखते हुए, जिला प्रशासन ने यमुनोत्री पैदल मार्ग पर चलने वाले घोड़े-खच्चरों की अनिवार्य स्वास्थ्य जांच, बीमा और पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशानुसार, पशुपालन विभाग द्वारा 16 मार्च से 31 मार्च 2026 तक विभिन्न स्थानों पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं।

खरसाली जैसे मुख्य पड़ावों पर आयोजित इन कैंपों में पशुओं की सेहत, उनके खुरों की स्थिति और फिटनेस की जांच की जा रही है। केवल स्वस्थ और पंजीकृत पशुओं को ही यात्रा मार्ग पर संचालन की अनुमति दी जाएगी। प्रशासन ने इस बार पशु क्रूरता को लेकर बेहद सख्त रुख अपनाया है। पशुपालकों को जागरूक किया जा रहा है कि वे जानवरों के साथ मानवीय व्यवहार करें। क्षमता से अधिक भार लादने और पशुओं के साथ दुर्व्यवहार करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यमुनोत्री पैदल मार्ग के लिए एक नई मानक संचालन प्रक्रिया तैयार की गई है, जिसके तहत शाम 6 बजे के बाद पशुओं का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही, मार्ग पर एक समय में अधिकतम 600 जानवरों को ही चलने की अनुमति होगी।

श्रद्धालुओं के लिए राहत
पशुओं के पंजीकरण और नियमित जांच से न केवल जानवरों को राहत मिलेगी, बल्कि यात्रा के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी। पशुओं के लिए गरम पानी, चारे की व्यवस्था और स्वच्छता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन विशेष मॉनिटरिंग कर रहा है।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News