Amarnath Yatra 2026: अमरनाथ यात्रा का ऑफलाइन पंजीकरणभी शुरु, आज रवाना होगा पहला जत्था
punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2026 - 10:29 AM (IST)
जम्मू (एजैंसी): अमरनाथ यात्रा के लिए ऑन-द-स्पॉट ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन बुधवार से शुरू हो गया है। प्रशासन ने 30 जून को टोकन बांटने शुरू किए थे। आज से पंजीकरण और आर.एफ.आई.डी. कार्ड जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा बृहस्पतिवार को यहां भगवती नगर यात्री निवास आधार शिविर से श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को रवाना करेंगे।
बता दें कि वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए ऑफलाइन पंजीकरण बुधवार को शुरू हो गया हालांकि इससे एक दिन पहले ही सैंकड़ों की संख्या में श्रद्धालु निर्धारित केंद्रों पर जमा हो गए थे।
अधिकारी ने बताया कि 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर की 57 दिनों की यह यात्रा 3 जुलाई से शुरू होने वाली है। यह यात्रा अनंतनाग जिले के पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे नुनवां-पहलगाम मार्ग और गांदरबल जिले के 14 किलोमीटर लंबे लेकिन अधिक खड़ी चढ़ाई वाले बालटाल मार्ग से होगी।
अब तक लगभग 4 लाख श्रद्धालु यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करा चुके हैं। रातभर हुई बारिश से जम्मू का मौसम सुहावना हो गया, लेकिन इससे श्रद्धालुओं के उत्साह पर कोई असर नहीं पड़ा। पंजीकरण और टोकन वितरण के लिए तवी नदी के तट पर जम्मू कृत्रिम झील के पास गीता भवन, राम मंदिर और भगवती नगर में काउंटर स्थापित किए गए हैं।
