Char Dham Yatra 2025: केदार-बदरी धाम के भक्तों के लिए खुशखबरी, गंगोत्री-यमुनोत्री के लिए थोड़ा इंतजार बाकी

punjabkesari.in Saturday, Sep 06, 2025 - 07:49 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Char Dham Yatra 2025: उत्तराखंड शासन ने श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी राहत की घोषणा की है। मौसम साफ होने और रास्तों की स्थिति सामान्य होने के बाद केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम की यात्रा को शनिवार से फिर से बहाल कर दिया गया है। इसके साथ ही, दोनों धामों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया भी आज से शुरू कर दी गई है, जिससे तीर्थयात्री अब यात्रा की तैयारियां पुनः आरंभ कर सकते हैं।

गढ़वाल मंडल के आयुक्त विनय शंकर पांडे ने बताया कि लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के कारण यात्रा को कुछ समय के लिए रोका गया था। लेकिन अब मौसम में सुधार और रास्तों की मरम्मत के बाद स्थिति अनुकूल मानी जा रही है इसलिए केदारनाथ और बद्रीनाथ की यात्रा को हरी झंडी दे दी गई है।

हालांकि गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा को लेकर फिलहाल इंतजार करना होगा। दोनों धामों की यात्रा सुरक्षा कारणों से अभी शुरू नहीं की गई है। प्रशासन का कहना है कि जैसे ही हालात पूरी तरह सामान्य होंगे और मार्ग सुरक्षित हो जाएंगे, वैसे ही इन दोनों धामों की यात्रा भी शुरू कर दी जाएगी।

श्रद्धालुओं से अनुरोध है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले आधिकारिक वेबसाइट से पंजीकरण कर लें और मौसम व मार्ग की स्थिति की पूरी जानकारी लेकर ही यात्रा करें।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News