Char Dham Yatra 2026 : आज से शुरू ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, 17 अप्रैल से ऑफलाइन भी, तीर्थयात्रियों के लिए बड़ी खबर
punjabkesari.in Friday, Mar 06, 2026 - 07:43 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Char Dham Yatra 2026 :उत्तराखंड में होने वाली चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुक्रवार से शुरू किए जा रहे हैं। पर्यटन विभाग ने इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुबह 7 बजे से श्रद्धालु आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप के जरिए अपना पंजीकरण करा सकेंगे। इसके अलावा, 17 अप्रैल से ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी शुरू कर दी जाएगी।
पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल के अनुसार, इस वर्ष चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से प्रारंभ होगी। वहीं 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। यात्रा में शामिल होने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण अनिवार्य रखा गया है।
श्रद्धालु 6 मार्च से पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in या Tourist Care Uttarakhand मोबाइल ऐप के माध्यम से अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। भारतीय यात्रियों के लिए आधार कार्ड के जरिए पंजीकरण की व्यवस्था की गई है, जबकि विदेशी श्रद्धालुओं के लिए ई-मेल आईडी के माध्यम से रजिस्ट्रेशन की सुविधा दी गई है।
ऑनलाइन व्यवस्था के साथ-साथ यात्रा शुरू होने से दो दिन पहले यानी 17 अप्रैल से ऑफलाइन पंजीकरण भी शुरू होंगे। इसके लिए ऋषिकेश के ट्रांजिट कैंप, हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान और विकासनगर में विशेष पंजीकरण काउंटर बनाए जाएंगे।
यात्रियों की सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर 0135-1364 भी जारी किया गया है, जिस पर 24 घंटे सेवा उपलब्ध रहेगी, ताकि श्रद्धालु यात्रा से जुड़ी जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकें।
