Chanakya Niti : चाणक्य नीति के वो 5 सूत्र जो आपके बच्चे को भीड़ से बनाएंगे अलग

punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 11:08 AM (IST)

Chanakya Niti : आज की गलाकाट प्रतिस्पर्धा वाले युग में हर माता-पिता चाहते हैं कि उनका बच्चा न केवल सफल हो, बल्कि भीड़ में अपनी एक अलग पहचान बनाए। महान अर्थशास्त्री और रणनीतिकार आचार्य चाणक्य ने सदियों पहले कुछ ऐसे जीवन-मंत्र दिए थे, जो आज के समय में भी बच्चों के चरित्र निर्माण और सफलता के लिए रामबाण हैं। यदि आप बचपन से ही अपने बच्चों को ये 5 बातें सिखा देते हैं, तो दुनिया की कोई भी ताकत उन्हें जीनियस बनने से नहीं रोक सकती।

Chanakya Niti

अनुशासन
चाणक्य के अनुसार, जो व्यक्ति समय की कद्र नहीं करता, समय उसे नष्ट कर देता है। बच्चों को बचपन से ही एक निश्चित दिनचर्या का पालन करना सिखाएं। अनुशासन का अर्थ केवल सख्त नियम नहीं, बल्कि सही समय पर सही काम करने की आदत है। एक अनुशासित बच्चा भविष्य की बड़ी चुनौतियों को आसानी से संभाल सकता है।

संगति का चुनाव
आचार्य चाणक्य कहते थे कि "बुरी संगति उस कोयले के समान है, जो गर्म हो तो हाथ जला देता है और ठंडा हो तो हाथ काला कर देता है।" बच्चों को यह समझाना बहुत जरूरी है कि उनके दोस्त कौन हैं। अच्छी संगति उन्हें अच्छे विचार देगी, जबकि गलत साथ उनकी प्रतिभा को दीमक की तरह चाट सकता है।

Chanakya Niti

असफलता से न डरना
चाणक्य नीति के अनुसार, किसी भी नए काम को शुरू करने से पहले डरना स्वाभाविक है, लेकिन डर के कारण रुक जाना मूर्खता है। बच्चों को सिखाएं कि हारना बुरा नहीं है, बल्कि हार मान लेना बुरा है। जब बच्चा गिरकर संभलना सीख जाता है, तो उसमें गजब का आत्मविश्वास पैदा होता है जो उसे दूसरों से अलग बनाता है।

वाणी में मधुरता और विनम्रता
ज्ञान होने के बावजूद अगर वाणी में कड़वाहट है, तो वह ज्ञान व्यर्थ है। चाणक्य मानते थे कि मधुर बोलने वाला व्यक्ति कठिन से कठिन परिस्थिति में भी अपना काम निकाल लेता है। बच्चों को बड़ों का सम्मान करना और सबसे विनम्रता से बात करना सिखाएं। एक विनम्र बच्चा हर जगह लोकप्रिय होता है और उसके लिए अवसरों के द्वार हमेशा खुले रहते हैं।

जिज्ञासु प्रवृत्ति और निरंतर सीखना
चाणक्य के अनुसार, शिक्षा ही एक ऐसा धन है जिसे कोई चुरा नहीं सकता। बच्चों के मन में क्यों और कैसे पूछने की आदत को कभी न दबाएं। उन्हें केवल किताबी कीड़ा न बनाएं, बल्कि बाहरी दुनिया के Practical Knowledge के लिए भी प्रेरित करें। हमेशा कुछ नया सीखने की भूख ही उन्हें भविष्य में एक लीडर बनाएगी।

Chanakya Niti

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News