Bhai Dooj 2026: भाई दूज की थाली में जरूर रखें ये 11 चीजें, जानें तिलक का शुभ मुहूर्त और विधि

punjabkesari.in Tuesday, Nov 10, 2026 - 01:01 PM (IST)

Bhai Dooj 2026: भाई-बहन के परस्पर प्रेम तथा स्नेह का प्रतीक भाई दूज का पावन त्यौहार कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया को दीपावली के बाद पूरे देश में मनाया जाता है। इस दिन बहनें अपने भाई को तिलक लगाकर उनके उज्ज्वल भविष्य और लम्बी उम्र की कामना करती हैं। इस पर्व को यम द्वितीया भी कहा जाता है। इसका मुख्य संबंध यम तथा उनकी बहन यमुना से है।

PunjabKesari Bhai Dooj 2026

दीपावली यदि दीपों का पर्व है तो दो दिन बाद आने वाला भाई दूज कुमकुम और अक्षत के तिलक से सजा ऐसा पर्व है जिसका इंतजार बहनों को सारा साल रहता है। इस दिन भाई दूर हो या पास, अपनी बहन के घर तिलक लगवाने के लिए अवश्य जाता है। बहन अपने भाई के माथे पर तिलक लगाकर उसकी लम्बी उम्र की कामना करती है। उस समय वह उसे उज्ज्वल भविष्य एवं खुशहाली के लिए आशीष भी देती है। 

इस अवसर पर भाई भी उसे हर कठिन घड़ी में साथ देने और उसके सम्मान की रक्षा करने का वचन देते हैं तथा उपहार देते हैं।
इस त्यौहार के पीछे एक किंवदंती यह है कि यम देवता ने अपनी बहन यमी (यमुना) को इसी दिन दर्शन दिया था जो काफी समय से उनसे मिलने को व्याकुल थी। 

अपने घर में भाई यम के आगमन पर यमुना ने प्रफुल्लित मन से उनकी आवभगत की। यम ने अपनी बहन के इस व्यवहार से प्रसन्न होकर वरदान दिया कि इस दिन भाई-बहन दोनों यमुना में स्नान करेंगे तो उनकी मुक्ति हो जाएगी। यही कारण है कि इस दिन यमुना नदी में भाई-बहन के एक साथ स्नान करने के महत्व के कारण यमुना के तट पर स्नान करने वालों की भीड़ देखी जा सकती है। 

कहते हैं कि अपने भाई से यमी ने यह वचन भी लिया था कि जिस प्रकार आज के दिन उसका भाई यम उसके घर आया है, हर भाई अपनी बहन के घर जाए। तभी से भाई-बहन के मध्य भाई दूज पर्व मनाया जा रहा है।

PunjabKesari bhai Dooj

Bhai Dooj Shubh Muhurat भाई दूज 2026 तिथि, शुभ मुहूर्त और राहुकाल 
पंचांग के अनुसार, इस वर्ष भाई दूज पर तिलक करने का शुभ समय और तिथियों का विवरण इस प्रकार है:
द्वितीया तिथि प्रारंभ: 10 नवंबर 2026 को दोपहर 2:00 बजे से
द्वितीया तिथि समाप्त: 11 नवंबर 2026 को दोपहर 3:53 बजे तक
भाई को तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त: दोपहर 1:10 बजे से 3:20 बजे तक
राहुकाल समय: दोपहर 12:05 बजे से 1:27 बजे तक (इस दौरान तिलक करने से बचें)

Bhai Dooj Thali Items List पूजा की थाली में जरूर शामिल करें ये 11 सामग्री
रोली और कुमकुम: भाई के माथे पर तिलक लगाने के लिए, जो शुभता और मंगल का प्रतीक है।
अक्षत (साबुत चावल): तिलक पर लगाने के लिए बिना टूटे हुए चावलों का उपयोग करें।
चंदन: माथे पर शीतलता और शुभता के लिए चंदन रख सकती हैं।
दीपक और माचिस: भाई की आरती उतारने के लिए घी या तेल का दीपक रखें।
कलावा (मौली): भाई की रक्षा और मंगलकामना के प्रतीक स्वरूप कलाई पर बांधने के लिए।
मिठाई: तिलक और आरती के बाद भाई का मुंह मीठा कराने के लिए।
नारियल: थाली में सूखा या जटा वाला नारियल रखना बेहद शुभ और समृद्धिदायक माना जाता है।
पान का पत्ता और सुपारी: पूजन सामग्री में विशेष स्थान रखने वाले पान और सुपारी शामिल करें।
ताजे फूल व माला: पूजा और आरती के लिए गेंदा या गुलाब के फूल रखें।
गंगाजल: थाली और पूजन सामग्री के शुद्धिकरण के लिए।
चांदी का सिक्का या बताशे: कई परिवारों की परंपरा के अनुसार थाली में रखें।

Bhai Dooj Tilak Vidhi भाई को तिलक लगाने की विधि
भाई दूज वाले दिन आसन पर चावल के घोल से चौक बनाएं। इस चौक पर भाई को बैठाकर बहनें उसके हाथों की पूजा करती हैं। 
पूजा में सबसे पहले बहनें भाई की हथेली पर चावलों का घोल लगाती हैं। उसके ऊपर सिंदूर लगाकर फूल, पान, सुपारी, मुद्रा आदि रख कर धीरे-धीरे हाथों पर पानी छोड़ते हुए यह मंत्र बोलती हैं :

गंगा पूजे यमुना को, यमी पूजे यमराज को। सुभद्रा पूजे कृष्ण को, गंगा यमुना नीर बहे, मेरे भाई आप बढ़ें, फूले-फलें।

ऐसे शब्द बोलकर फिर बहनें अपने भाई को तिलक लगाकर कलावा बांधती हैं। भाई का मुंह मीठा कराती हैं। यमराज के नाम से एक चौमुखा दीपक जलाकर घर की दहलीज के बाहर रखा जाता है।

PunjabKesari Bhai Dooj 2026

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Related News