Basant Panchmi 2026 Marriage Muhurat: अबूझ मुहूर्त के बावजूद इस बार बसंत पंचमी पर नहीं होंगे विवाह
punjabkesari.in Thursday, Jan 22, 2026 - 07:54 AM (IST)
Basant Panchmi 2026 Marriage Muhurat: हिंदू धर्म में बसंत पंचमी को अत्यंत शुभ और अबूझ मुहूर्त माना जाता है। इस दिन बिना पंचांग देखे विवाह, मुंडन, गृह प्रवेश जैसे मांगलिक कार्य किए जाते हैं। लेकिन वर्ष 2026 में बसंत पंचमी (23 जनवरी) को विवाह कार्य संपन्न नहीं होंगे। इसके पीछे ग्रहों की विशेष स्थिति को कारण माना जा रहा है। आइए जानते हैं कि आखिर इस साल बसंत पंचमी पर विवाह क्यों नहीं होंगे।

बसंत पंचमी 2026 कब है? (Basant Panchmi 2026 Date)
वर्ष 2026 में बसंत पंचमी का पर्व 23 जनवरी को मनाया जाएगा। इस दिन विद्या और ज्ञान की देवी मां सरस्वती की विधि-विधान से पूजा की जाती है और व्रत रखा जाता है। बसंत पंचमी को सरस्वती जयंती और श्री पंचमी के नाम से भी जाना जाता है।
बसंत पंचमी को क्यों कहा जाता है अबूझ मुहूर्त?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, बसंत पंचमी को अबूझ मुहूर्त माना जाता है। इस दिन विवाह, नामकरण, मुंडन, गृह प्रवेश और नए कार्यों की शुरुआत बिना विशेष मुहूर्त देखे की जा सकती है। आमतौर पर इस दिन विवाह करना अत्यंत शुभ माना जाता है।

बसंत पंचमी 2026 पर क्यों नहीं है विवाह मुहूर्त?
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, विवाह जैसे मांगलिक कार्यों के लिए शुक्र और गुरु ग्रह का उदय अवस्था में होना अनिवार्य माना जाता है लेकिन वर्ष 2026 में बसंत पंचमी के दिन शुक्र ग्रह अस्त अवस्था में रहेंगे।
शुक्र ग्रह को वैवाहिक सुख, प्रेम, सौंदर्य और दांपत्य जीवन का कारक माना जाता है। शुक्र अस्त रहने पर विवाह करना शुभ नहीं माना जाता। इस अवधि में किए गए विवाह से दांपत्य जीवन में बाधाएं आने की आशंका रहती है। इसी कारण बसंत पंचमी 2026 के दिन विवाह कार्य नहीं किए जाएंगे, भले ही यह अबूझ मुहूर्त ही क्यों न हो।
कब तक अस्त रहेंगे शुक्र? (Shukra Uday 2026)
शुक्र ग्रह दिसंबर 2025 के दूसरे सप्ताह में अस्त हुए थे। 1 फरवरी 2026 को शुक्र ग्रह का उदय होगा। इस समय शुक्र मकर राशि में स्थित रहेंगे और इसी राशि में उदित होंगे। शुक्र उदय के बाद ही विवाह जैसे मांगलिक कार्य पुनः आरंभ होंगे।

फरवरी 2026 में विवाह के शुभ दिन (Marriage Muhurat February 2026)
शुक्र उदय के बाद फरवरी माह में विवाह के लिए ये तिथियां शुभ मानी जा रही हैं: 5, 6, 8, 10, 12, 14, 19, 20 और 21 फरवरी 2026
बसंत पंचमी 2026 पर विवाहित जोड़े क्या करें?
भले ही इस साल बसंत पंचमी पर विवाह नहीं होंगे, लेकिन पहले से विवाहित दंपतियों के लिए यह दिन शुभ है। माता सरस्वती की विधि-विधान से पूजा करें। पीले फूल, पीले वस्त्र और पीले खाद्य पदार्थ अर्पित करें। पीले वस्त्र, अनाज या मिठाई का दान करें।
ऐसा करने से ज्ञान, बुद्धि और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
बसंत पंचमी 2026 भले ही अबूझ मुहूर्त हो, लेकिन शुक्र ग्रह के अस्त होने के कारण इस दिन विवाह नहीं होंगे। हालांकि, यह दिन सरस्वती पूजा, विद्यारंभ और दान-पुण्य के लिए अत्यंत शुभ बना रहेगा।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
