Ayodhya Ram Temple news : म्यूजियम में सजेंगे राम मंदिर के औजार ! ट्रस्ट की अनूठी पहल, मशीनों और छेनी-हथौड़ी में कैद होगी मंदिर निर्माण की गाथा
punjabkesari.in Sunday, Mar 01, 2026 - 02:46 PM (IST)
Ayodhya Ram Temple news : अयोध्या का भव्य राम मंदिर केवल पत्थरों का ढांचा नहीं, बल्कि करोड़ों भक्तों की आस्था और हजारों शिल्पकारों के पसीने की कहानी है। इसी कहानी को जीवंत रखने के लिए राम मंदिर ट्रस्ट ने एक शानदार फैसला लिया है। मंदिर निर्माण के दौरान जिन मशीनों, औजारों और छेनी-हथौड़ियों ने पत्थरों को आकार देकर भगवान के धाम को तैयार किया, उन्हें अब एक Technical Gallery या म्यूजियम में सहेज कर रखा जाएगा।
रामघाट की कार्यशाला में 1990 के दशक से ही पत्थर तराशने का काम शुरू हो गया था। उस दौर में खरीदी गई भारी-भरकम कटर मशीनें, जिनकी कीमत तब लाखों में थी, आज इस इतिहास का हिस्सा बन चुकी हैं। ट्रस्ट इन मशीनों को जंग और समय की मार से बचाकर सुरक्षित कर रहा है। मशीनें तो बड़ी थीं, लेकिन मंदिर की सूक्ष्म नक्काशी उन छोटी छेनियों और हथौड़ियों की देन है जिन्हें शिल्पकारों ने वर्षों तक अपने हाथों में थामे रखा। म्यूजियम में इन्हें भी प्रमुखता से स्थान मिलेगा, ताकि लोग जान सकें कि एक-एक पत्थर को तराशने में कितनी बारीकी और मेहनत लगी है।
यह म्यूजियम केवल औजारों की प्रदर्शनी नहीं होगा, बल्कि यह दुनिया को यह बताएगा कि बिना लोहे और बिना सीमेंट के, सिर्फ पत्थरों को इंटरलॉकिंग तकनीक से जोड़कर एक हजार साल तक टिकने वाला मंदिर कैसे बनाया गया। जब श्रद्धालु इस गैलरी में कदम रखेंगे, तो वे देख पाएंगे कि एक भव्य स्वप्न को धरातल पर उतारने के लिए किन तकनीकी चुनौतियों का सामना किया गया और किन औजारों ने उस संकल्प को सिद्ध किया।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
