अयोध्या राम मंदिर चंदे में हेराफेरी की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच हो : विजयन
punjabkesari.in Monday, Jun 29, 2026 - 10:22 AM (IST)
तिरुवनंतपुरम (एजैंसी): मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने रविवार को अयोध्या राम मंदिर के निर्माण के लिए इकट्ठा किए गए चंदे में कथित हेराफेरी की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में जांच की मांग की। विजयन ने बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं की खबरों को ‘बेहद गंभीर’ बताया। उन्होंने फेसबुक पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि जिन लोगों ने राजनीतिक फायदे के लिए लोगों की आस्था और भावनाओं का लाभ उठाया, उन्होंने इसकी आड़ में एक सुनियोजित वित्तीय धोखाधड़ी भी की।
उन्होंने दावा किया कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के न्यासियों के संघ परिवार के संगठनों के शीर्ष नेतृत्व के साथ संबंध थे। केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह की अगुवाई करने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का यह कर्त्तव्य है कि वह इस मुद्दे पर जवाब दें। उन्होंने यह भी कहा कि संसद में पेश किए गए एक प्रस्ताव के जरिए केंद्र द्वारा गठित ट्रस्ट अब शक के घेरे में है। विजयन ने कहा, ‘ट्रस्ट और उसका नेतृत्व करने वालों की यह जिम्मेदारी है कि वे बताएं कि लोगों की आस्था का फायदा उठाकर इकट्ठा किया गया पैसा कहां गया।’
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
