Ayodhya Ram Mandir : राम नवमी पर सूर्य की किरणों से होगा रामलला का तिलक, अयोध्या से होगा सीधा प्रसारण
punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 08:56 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Ayodhya Ram Mandir : राम नवमी के अवसर पर 27 मार्च को अयोध्या के लगभग 5 हजार मंदिरों में भव्य उत्सव मनाया जाएगा। इस बार का सबसे बड़ा आकर्षण श्री राम जन्मभूमि मंदिर में होने वाला सूर्य तिलक कार्यक्रम होगा, जिसमें दोपहर ठीक 12 बजे सूर्य की किरणें भगवान रामलला के मस्तक को स्पर्श करेंगी। इस अद्भुत दृश्य को देश-विदेश के लोग लाइव देख सकेंगे, जिसके लिए विशेष तकनीकी तैयारियां की जा रही हैं।
राम जन्मोत्सव की शुरुआत सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हो जाएगी। भगवान रामलला का अभिषेक दूध, दही, शहद और सरयू नदी के पवित्र जल से किया जाएगा। इसके बाद उन्हें सुंदर वस्त्र और कीमती आभूषण पहनाए जाएंगे। पूरे मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रों की गूंज और भक्ति का वातावरण बना रहेगा।
इस खास दिन पर मंदिर के कपाट सुबह 6:30 बजे से ही श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे और पूरे दिन दर्शन जारी रहेंगे। मंदिर प्रशासन के अनुसार, सुबह के अनुष्ठान 11 बजे तक संपन्न होंगे लेकिन भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर बंद नहीं किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग दर्शन कर सकें।
दोपहर 12 बजे भगवान राम के जन्म का उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इसी समय सूर्य तिलक का दिव्य नजारा देखने को मिलेगा, जिसे एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लाइव प्रसारित किया जाएगा।
भगवान रामलला को इस दिन विशेष रूप से 56 प्रकार के भोग अर्पित किए जाएंगे, साथ ही करीब 6 क्विंटल पंजीरी भी चढ़ाई जाएगी। मंदिर परिसर में दिनभर बधाई गीत और भजन-कीर्तन चलते रहेंगे। राम दरबार में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे पूरे माहौल में भक्ति की अनुभूति होगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दर्शन मार्ग पर छाया, मैट और अन्य व्यवस्थाएं की जाएंगी। फूलों से सजे फूल बंगला की झांकी भी लोगों को आकर्षित करेगी। शाम के समय मंदिर का शिखर आकर्षक रोशनी से जगमगा उठेगा, जिससे पूरा परिसर दिव्यता और आस्था से भर जाएगा।
