OMG! क्या सच में फूलों की सेज पर सोने से मिलती है सजा
punjabkesari.in Thursday, Sep 21, 2023 - 09:38 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
एक मालिन को राजा की सेज को फूलों से सजाने का काम दिया गया था। वह अपने काम में बहुत निपुण थी। एक दिन सेज सजाने के बाद उसके मन में आया कि वह रोज फूलों की सेज सजाती है, पर उसने कभी खुद इस पर सोकर नहीं देखा।
कौतूहलवश वह दो घड़ी फूलों से सजी उस सेज पर सो गई। उसे दिव्य आनंद मिला। न जाने कैसे उसे नींद आ गई। कुछ घंटों बाद राजा अपने शयनकक्ष में आए। मालिन को अपनी सेज पर सोता देखकर राजा बहुत गुस्सा हो गया। उसने मालिन को पकड़कर 100 कोड़े लगाने की सजा दी।
मालिन बहुत रोई, विनती की, पर राजा ने एक न सुनी। जब कोड़े लगाने लगे तो शुरू में मालिन खूब चीखी चिल्लाई, पर बाद में जोर-जोर से हंसने लगी। राजा ने कोड़े रोकने का हुक्म दिया और पूछा, “अरे, तू पागल हो गई है क्या? हंस किस बात पर रही है तू?”
मालिन बोली, “राजन! मैं इस बात पर हंस रही हूं कि जब दो घड़ी फूलों की सेज पर सोने की सजा 100 कोड़े हैं, तो पूरी जिंदगी हर रात ऐसे बिस्तर पर सोने की सजा क्या होगी?”
राजा को मालिन की बात समझ में आ गई। वह अपने कृत्य पर बेहद शर्मिंदा हुआ।