अमरनाथ यात्रा को लेकर हाई लैवल मीटिंग, सख्त निर्देश जारी

punjabkesari.in Saturday, Jun 13, 2026 - 07:41 AM (IST)

नई दिल्ली (एजैंसी): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि अमरनाथ यात्रा मार्ग और पर्यटन स्थलों पर शांतिपूर्ण यात्रा सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सी.ए.पी.एफ.), जम्मू-कश्मीर पुलिस और सभी सुरक्षा एजैंसियों को मिलकर एक बहु-स्तरीय और अभेद्य सुरक्षा घेरा बनाना चाहिए। 

शाह ने 3 जुलाई से शुरू हो रही अमरनाथ यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि ड्रोन, सी.सी.टी.वी. कैमरे, निगरानी प्रणाली और अन्य आधुनिक प्रौद्योगिकियों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल कर पारंपरिक सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाना चाहिए। 

बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एन.एस.ए.) अजीत डोभाल, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, गृह सचिव गोविंद मोहन, आसूचना ब्यूरो (आई.बी.) प्रमुख तपन कुमार डेका और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सी.आर.पी.एफ.) के महानिदेशक जी.पी. सिंह के अलावा अन्य वरिष्ठ सुरक्षा और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। 

हिमालय पर्वतमाला में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर की 57 दिन की तीर्थयात्रा के लिए भारी सुरक्षा इंतजाम की जरूरत होती है, जिसमें केंद्र और जम्मू-कश्मीर की एजैंसियां ​​मिलकर काम करती हैं। तीर्थयात्री अनंतनाग जिले में पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे नुनवान-पहलगाम मार्ग और गांदरबल जिले में छोटे, लेकिन अधिक ढलान वाले 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग से यात्रा करेंगे।  

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News