अमरनाथ यात्रा: 8 दिनों में 1.63 लाख यात्री कर चुके बाबा बर्फानी के दर्शन
punjabkesari.in Saturday, Jul 12, 2025 - 07:01 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
लुधियाना (विक्की): श्री अमरनाथ यात्रा भंडारा आर्गेनाइजेशन सायबो के प्रधान राजन कपूर ने आज पंजाब केसरी ग्रुप के डायरैक्टर अभिजय चोपड़ा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने इस बार चल रही श्री अमरनाथ यात्रा में श्री अमरनाथ यात्रा श्राइन बोर्ड द्वारा किए गए शानदार प्रबंधों की सराहना की।
कपूर ने बताया कि इस बार की यात्रा को शुरू हुए अभी एक सप्ताह ही बीता है और श्राइन बोर्ड के बेहतरीन प्रबंधन के चलते 8 दिन में ही 1.63 लाख के करीब यात्री बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं जबकि इस बार बोर्ड की ओर से पूरा यात्रा मार्ग नो फ्लाई जोन घोषित किया गया है, इसके बावजूद 7 दिनों में यात्रियों की भारी आमद ने श्राइन बोर्ड के शानदार प्रबंधों पर मोहर लगा दी है।
उन्होंने बताया कि यात्रा मार्ग के बालटाल और पहलगाम रूट पर यात्रियों को हर तरह की सुविधा बोर्ड की ओर से प्रदान की जा रही है। यात्रियों के लिए श्राइन बोर्ड की ओर से जो विश्राम स्थल बनाया गया है, उसका भी यात्रियों को भरपूर फायदा हो रहा है।
लैफ्टिनैंट गवर्नर मनोज सिन्हा ने भी किया बालटाल बेस कैंप का दौरा
कपूर ने कहा कि बोर्ड के सी.ई.ओ. डॉ. मंदीप भंडारी समेत अन्य सीनियर अधिकारी खुद भी हर रोज यात्रा मार्ग की विजिट कर रहे हैं, वहीं 2 दिन पहले जम्मू-कश्मीर के लैफ्टिनैंट गवर्नर मनोज सिन्हा ने भी बालटाल बेस कैंप का दौरा कर यात्रियों से मुलाकात की थी।
इस दौरान उन्होंने श्री जय बाबा बालक नाथ अमरनाथ सेवा समिति के भंडारे में भी विजिट की। नो फ्लाई जोन घोषित होने के बावजूद यात्रियों की संख्या में कोई कमी नहीं आई है बल्कि पिछले वर्षों की अपेक्षा यात्रा में इजाफा ही हुआ है। कपूर ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए थ्री लेयर सिक्योरिटी व्यवस्था की गई है वहीं हर आने-जाने वाले पर तीसरी आंख से भी नजर रखी जा रही है।
यात्रा मार्ग में 200 भंडारा संस्थाएं कर रहीं यात्रियों की सेवा
कपूर ने बताया कि यात्रा पर आने वाले शिव भक्तों की सेवा के लिए श्री अमरनाथ यात्रा श्राइन बोर्ड ने जम्मू से लेकर कश्मीर फिर बालटाल, पहलगाम, नुनवान, चंदनवाड़ी, पिस्सूटॉप, जोजीपाल, शेषनाग, पुष्पत्री, पंचतरणी, पवित्र गुफा, बरड़ी मार्ग, रेल पत्री, दोमेल रूट पर कुल 127 भंडारा संचालकों की संस्थाओं को लंगर लगाने की परमिशन दी है। वहीं रास्ते में नैशनल हाइवे पर करीब 75 भंडारा संचालकों को यात्रियों की सेवा का अलग से अवसर मिला है। जहां यात्रियों को खाने-पीने और रहने की सुविधा दी जा रही है।