Ayodhya ram mandir News : रामलला के दर्शन पर लगा ब्रेक, जानें चंद्र ग्रहण के दिन अयोध्या के मंदिरों का नया शेड्यूल
punjabkesari.in Sunday, Mar 01, 2026 - 12:06 PM (IST)
Ayodhya ram mandir News : अयोध्या जाने वाले राम भक्तों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना है। यदि आप आने वाले दिनों में प्रभु श्रीराम के दर्शन की योजना बना रहे हैं, तो अपनी यात्रा की तारीखों को ध्यान से देख लें। 3 मार्च 2026 को अयोध्या में रामलला के दर्शन आम श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेंगे।
दर्शन बंद रहने का मुख्य कारण
3 मार्च को साल का पहला पूर्ण चंद्र ग्रहण लगने जा रहा है। शास्त्रों और मंदिर की परंपराओं के अनुसार, ग्रहण के दौरान मंदिरों के पट बंद रखे जाते हैं। इसी धार्मिक नियम का पालन करते हुए राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने उस दिन दर्शन बंद रखने का निर्णय लिया है।
कब से कब तक बंद रहेंगे पट ?
3 मार्च को सुबह ग्रहण का सूतक लगते ही मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिए जाएंगे। जानकारी के अनुसार, सुबह 9:00 बजे से रात 8:00 बजे तक रामलला के दर्शन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। रात लगभग 8:00 बजे ग्रहण समाप्त होने के बाद, मंदिर का शुद्धिकरण और भगवान का विशेष अभिषेक-श्रृंगार किया जाएगा। इसके बाद रात 8:30 बजे से 11:00 बजे तक दर्शन फिर से शुरू हो सकते हैं।
अन्य मंदिरों का हाल
केवल राम मंदिर ही नहीं, बल्कि अयोध्या के अन्य प्रमुख मंदिर जैसे हनुमानगढ़ी, कनक भवन और नागेश्वरनाथ मंदिर के पट भी ग्रहण के कारण बंद रहेंगे। सभी मंदिरों में शाम को ग्रहण शांति और पूजा के बाद ही भक्तों को प्रवेश मिलेगा।
श्रद्धालुओं के लिए सुझाव
यदि आप दूर से आ रहे हैं, तो 3 मार्च की जगह 4 मार्च या उसके बाद का प्रोग्राम बनाएं। 4 मार्च को होली का त्योहार भी है, जिससे मंदिर में दर्शन का अनुभव और भी खास होगा।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
