26 साल से ''मुर्दा'' बनकर घूम रहा था खूनी, यूट्यूब की शोहरत ने पहुँचाया सलाखों के पीछे, जानिए क्या है पूरी कहानी?
punjabkesari.in Saturday, Apr 25, 2026 - 05:00 PM (IST)
नेशनल डेस्क: दिल्ली पुलिस के हाथ एक बड़ी कामयाबी लगी है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने फेमस यूट्यूबर सलीम वस्तिक (असली नाम सलीम अहमद) को अरेस्ट किया है। दरअसल यूट्यूबर सलीम पर 1995 में एक 13 साल के बच्चे के अपहरण और हत्या का आरोप है। आरोपी बीते 26 सालों से अपनी पहचान बदलकर रह रहा था।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला 20 जनवरी 1995 का है, जब दिल्ली के एक कारोबारी के 13 साल के बेटे संदीप बंसल का स्कूल जाते समय अपहरण कर लिया गया था। अपहरणकर्ता ने परिवार से 30,000 रुपए की फिरौती की मांग की थी। पैसे मांगने के बावजूद अपहरणकर्ताओं ने बच्चे की हत्या कर दी और उसका शव मुस्तफाबाद के एक नाले में फेंक दिया। पुलिस जांच के दौरान इस बात का खुलासा हुआ है कि स्कूल के मार्शल आर्ट्स ट्रेनर सलीम ने ही अपने साथी अनिल के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था।
1997 में सुनाई उम्रकैद
1997 में अदालत ने सलीम को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। लेकिन साल 2000 में उसे दिल्ली हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत मिली, जिसके बाद वह कभी वापस जेल नहीं लौटा। पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने अपनी मौत की झूठी खबर तक फैलाई और अपनी पहचान बदलकर उत्तर प्रदेश और हरियाणा के अलग-अलग इलाकों में रहने लगा।
यूट्यूब की दुनिया और गिरफ्तारी
सोशल मीडिया पर सलीम ने एक्टिव होने के बाद उसने गया 'एक्स-मुस्लिम' यूट्यूबर के तौर पर अपनी पहचान बनाई। हाल ही में उस पर धार्मिक विचारों को लेकर चाकू से हमला भी हुआ था, जिसके बाद वह चर्चा में आया। क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर रॉबिन त्यागी की टीम को खुफिया जानकारी मिली कि एक मशहूर यूट्यूबर असल में दशकों पुराना भगोड़ा अपराधी हो सकता है। पुलिस ने पुराने फिंगरप्रिंट्स और रिकॉर्ड्स का मिलान किया, जिसके बाद लोनी (गाजियाबाद) से उसे दबोच लिया गया।
