कलयुगी बेटी की हैवानियत: मां का सिर काटकर पूरी रात उसके साथ छिपी रही, पिता और बहन पर भी किया जानलेवा हमला
punjabkesari.in Friday, Apr 24, 2026 - 06:16 AM (IST)
नेशनल डेस्क: असम के पश्चिमी कार्बी आंगलोंग जिले से एक ऐसी नृशंस वारदात सामने आई है जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। यहां एक 19 साल की युवती ने अपनी ही मां की गला काटकर हत्या कर दी और वारदात के बाद पूरी रात मां के कटे हुए सिर के साथ बिताई।
परिजनों पर भी किया जानलेवा हमला
आरोपी युवती की पहचान पूजा मलंग (19) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 10 बजे पूजा ने अपने घर के अंदर ही अपनी 42 वर्षीय मां, अनुमाई मलंग पर हमला कर उनका सिर काट डाला। इस खौफनाक मंजर के दौरान जब उसके पिता प्रेमेंद्र मलंग और उसकी बहन ने उसे रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया,। दोनों घायलों का फिलहाल सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
कटे सिर के साथ बिताई रात, पुलिस भी दंग
वारदात की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पूजा अपनी मां का कटा हुआ सिर लेकर घर से बाहर निकल गई और गुरुवार सुबह तक पुलिस की पकड़ से दूर रही। उसने कथित तौर पर पूरी रात अपनी मां के कटे हुए सिर के साथ छिपकर बिताई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र का शक
पुलिस को घटनास्थल के पास से हंसिया, कैंची, सिंदूर, तेल और मिट्टी का घड़ा बरामद हुआ है। हालांकि पुलिस अभी किसी निश्चित नतीजे पर नहीं पहुंची है, लेकिन बरामद सामग्री को देखते हुए इस हत्याकांड के तार अंधविश्वास और जादू-टोने से जुड़े होने की प्रबल आशंका जताई जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस
बैथालांगसो पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि परिवार में पहले से कोई घरेलू झगड़ा नहीं था। अब पुलिस इस एंगल पर भी काम कर रही है कि क्या युवती किसी तांत्रिक क्रिया में शामिल थी या वह मानसिक रूप से बीमार है।
