Banking Sector: अचानक फेल होने लगे ट्रांजैक्शन…जांच में सामने आई चौंकाने वाली वजह, Bank ने ग्राहकों को किया अलर्ट

punjabkesari.in Thursday, Feb 26, 2026 - 11:04 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः Yes Bank ने अपने प्रीपेड फॉरेक्स कार्ड से जुड़े संदिग्ध ट्रांजैक्शन को लेकर अहम जानकारी साझा की है। बैंक के मुताबिक, हाल ही में कुछ कार्ड नंबरों पर अचानक बड़ी संख्या में ट्रांजैक्शन फेल होने लगे। इसके बाद की गई आंतरिक जांच में अनधिकृत लेनदेन की कोशिशों का मामला सामने आया। मामले के सामने आते ही बैंक ने ग्राहकों को अलर्ट जारी करते हुए सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की सलाह दी है।

क्या है पूरा मामला?

बैंक ने बताया कि ट्रांजैक्शन डिक्लाइन में असामान्य बढ़ोतरी के बाद जांच शुरू की गई। जांच में पाया गया कि प्रीपेड फॉरेक्स कार्ड की एक खास BIN सीरीज को निशाना बनाकर फ्रॉड ट्रांजैक्शन की कोशिश की गई। यह मामला किसी एक ग्राहक तक सीमित नहीं था, बल्कि एक साथ कई कार्ड्स को टारगेट किया गया।

कहां हुई संदिग्ध गतिविधि?

24 फरवरी को लैटिन अमेरिका (LatAm) क्षेत्र के करीब 15 ऑनलाइन मर्चेंट्स पर संदिग्ध ट्रांजैक्शन की कोशिशें दर्ज की गईं। इन देशों में कई जगह ई-कॉमर्स पेमेंट के दौरान 2-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) अनिवार्य नहीं होता, जिसका फायदा उठाने की कोशिश की गई।

2-फैक्टर ऑथेंटिकेशन क्यों अहम?

भारत में ऑनलाइन भुगतान के लिए OTP या अतिरिक्त वेरिफिकेशन जरूरी है, जिससे धोखाधड़ी का जोखिम काफी कम हो जाता है लेकिन जिन देशों में यह अतिरिक्त सुरक्षा नहीं होती, वहां कार्ड डिटेल्स लीक होने की स्थिति में बिना OTP के भी ट्रांजैक्शन संभव हो सकता है।

ग्राहकों को क्या करना चाहिए?

  • बैंक ने कहा है कि घबराने की जरूरत नहीं है लेकिन सतर्कता जरूरी है।
  • SMS और मोबाइल ऐप नोटिफिकेशन नियमित रूप से जांचें
  • कोई संदिग्ध ट्रांजैक्शन दिखे तो तुरंत बैंक को सूचित करें
  • कार्ड की लिमिट और इंटरनेशनल यूसेज सेटिंग्स समय-समय पर रिव्यू करें

बैंक पर असर और आगे की रणनीति

फिलहाल बैंक ने इसे सीमित दायरे की घटना बताया है। आमतौर पर ऐसे मामलों में प्रभावित कार्ड्स को ब्लॉक करना, रियल-टाइम मॉनिटरिंग बढ़ाना और सिक्योरिटी सिस्टम को मजबूत करना जैसे कदम उठाए जाते हैं। संभावना है कि बैंक इंटरनेशनल ऑनलाइन ट्रांजैक्शन पर अतिरिक्त निगरानी बढ़ाए और कुछ कार्ड्स के लिए कड़े सुरक्षा नियम लागू करे।

बैंक ने ग्राहकों से डिजिटल पेमेंट के दौरान सतर्क रहने और किसी भी असामान्य गतिविधि की तुरंत जानकारी देने की अपील की है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News