Cyberattack on BoB: Bank of Baroda पर साइबर हमले का दावा, आधार, अकाउंट और लोन डेटा लीक
punjabkesari.in Monday, Jul 27, 2026 - 10:39 AM (IST)
बिजनेस डेस्कः देश के सार्वजनिक क्षेत्र के बड़े बैंकों में शामिल बैंक ऑफ बड़ौदा (BoB) से जुड़ा एक बड़ा साइबर सुरक्षा मामला सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक एक हैकर ने दावा किया है कि उसने बैंक के सिस्टम में सेंध लगाकर करीब 1TB संवेदनशील डेटा चुरा लिया है और उसे डार्क वेब पर मुफ्त में उपलब्ध करा दिया है।
क्या-क्या डेटा लीक होने का दावा?
दावा किया जा रहा है कि लीक किए गए डेटा में ग्राहकों के नाम, आधार नंबर, मोबाइल नंबर, सेविंग और करंट अकाउंट की जानकारी, लोन रिकॉर्ड, नेट बैंकिंग यूजर डिटेल्स, एनआरआई बैंकिंग, कॉरपोरेट बैंकिंग रिकॉर्ड, कस्टमर सपोर्ट से जुड़े दस्तावेज तथा शाखाओं और एटीएम संचालन से संबंधित रिकॉर्ड शामिल हैं। हैकर ने अपने दावे के समर्थन में कुछ सैंपल दस्तावेज भी ऑनलाइन साझा किए हैं। हालांकि, खबर लिखे जाने तक बैंक ऑफ बड़ौदा, CERT-In और भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की ओर से इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
साइबर एक्सपर्ट ने बताया ‘साइबर डिजास्टर’
कैशलेसकंज्यूमर (CashlessConsumer) के संस्थापक और साइबर सुरक्षा मामलों के जानकार श्रीकांत लक्ष्मणन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इन कथित दस्तावेजों के स्क्रीनशॉट साझा करते हुए कहा कि संबंधित लिंक सक्रिय था। उन्होंने इस घटना को "साइबर डिजास्टर" करार दिया।
कब सामने आया मामला?
बताया जा रहा है कि इस संभावित डेटा लीक का पहली बार पता 25 जुलाई को डार्क वेब ट्रैकिंग वेबसाइट ransomeware.live के जरिए चला। हालांकि किसी हैकर समूह ने अब तक सार्वजनिक रूप से इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। श्रीकांत लक्ष्मणन का मानना है कि इसके पीछे TripleX नाम का अपेक्षाकृत नया हैकर समूह हो सकता है। उनके मुताबिक, इसी समूह ने कुछ महीने पहले इंडोनेशिया के सरकारी बैंक PT Bank Negara Indonesia से करीब 2TB डेटा चोरी कर सार्वजनिक किया था।


