शेयर बाजार में लौटी रौनक, चार फैक्टर से चमका बाजार, India VIX गिरा
punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 03:32 PM (IST)
बिजनेस डेस्कः मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार में मजबूती रही। वैश्विक संकेतों और कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट से निवेशकों का भरोसा बढ़ा, जिससे बाजार में खरीदारी का माहौल देखने को मिला। सेंसेक्स 639.82 (0.82%) अंक उछाल के साथ 78,205.98 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी 233.55 (0.97%) अंक की बढ़त रही, ये 24,261.60 के स्तर पर बंद हुआ।
तेजी के पीछे चार बड़े कारण.....
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई। ब्रेंट क्रूड करीब 5% से ज्यादा गिरकर लगभग 93.83 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। इससे पहले यह तीन साल के उच्च स्तर के करीब पहुंच गया था। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बातचीत के बाद सप्लाई को लेकर बाजार की चिंता कुछ कम हुई। विशेषज्ञों का कहना है कि तेल की कीमतों में एक ही दिन में बड़ा उतार-चढ़ाव पश्चिम एशिया के हालात को लेकर बनी अनिश्चितता को दर्शाता है।
ग्लोबल बाजारों से सकारात्मक संकेत
एशियाई बाजारों में भी जोरदार तेजी देखने को मिली। दक्षिण कोरिया का कोस्पी लगभग 5% तक चढ़ा, जबकि जापान का निक्केई 225 करीब 2.5% ऊपर रहा। चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग भी बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए। अमेरिकी बाजारों में भी पिछले सत्र में मजबूती रही, जिससे वैश्विक निवेश माहौल बेहतर हुआ।
India VIX में गिरावट
बाजार में डर को मापने वाला इंडेक्स इंडिया VIX भी 12% से अधिक गिरकर करीब 20.48 पर आ गया। VIX में गिरावट को निवेशकों की चिंता कम होने और बाजार में जोखिम लेने की बढ़ती क्षमता का संकेत माना जाता है।
रुपए में मजबूती
तेल की कीमतों में गिरावट का असर भारतीय मुद्रा पर भी पड़ा। रुपया डॉलर के मुकाबले थोड़ा मजबूत हुआ और करीब 92.14 के स्तर पर पहुंच गया। हालांकि विदेशी निवेशकों की बिकवाली के कारण रुपये की तेजी सीमित रही।
विशेषज्ञों के मुताबिक निफ्टी का 24,000 के ऊपर टिके रहना बाजार के लिए सकारात्मक संकेत है। यदि निफ्टी 24,300 से 24,370 के स्तर को मजबूती से पार कर लेता है तो आने वाले समय में यह 25,000 के स्तर की ओर बढ़ सकता है।
