तीन दिन की गिरावट के बाद शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 558 अंक उछला
punjabkesari.in Monday, Apr 27, 2026 - 10:29 AM (IST)
मुंबईः वैश्विक शेयर बाजारों में सकारात्मक रुझान के बीच सेंसेक्स और निफ्टी में तीन सत्र की गिरावट के बाद सोमवार को शुरुआती कारोबार में तेजी दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स 558.54 अंक चढ़कर 77,222.75 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 171.20 अंक की बढ़त के साथ 24,069.15 अंक पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से सन फार्मा के शेयर में चार प्रतिशत से अधिक की तेजी आई। कंपनी के अमेरिका स्थित ऑर्गनॉन एंड को. का अधिग्रहण करने की घोषणा के बाद इसके शेयर में यह उछाल आया। अदाणी पोर्ट्स, कोटक महिंद्रा बैंक, टाटा स्टील और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर भी मुनाफे में रहे। वहीं एक्सिस बैंक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, बजाज फाइनेंस और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में गिरावट रही।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त में रहे। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.18 प्रतिशत चढ़कर 106.6 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 8,827.87 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। सेंसेक्स शुक्रवार को 1.29 प्रतिशत और निफ्टी 1.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ था।
