Why Market Rise Today: शेयर बाजार में जोरदार वापसी, 4 कारणों से मार्केट में लौटी रौनक
punjabkesari.in Monday, Apr 27, 2026 - 03:33 PM (IST)
बिजनेस डेस्कः आज घरेलू शेयर बाजार में मजबूती देखने को मिली। लगातार तीन सत्रों की गिरावट के बाद इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स BSE Sensex और Nifty हरे निशान में बंग हुए। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 639.42 अंक की तेजी के साथ 77,303.63 के स्तर पर आ गया। निफ्टी में भी 194.75 अंक की बढ़त रही, ये 24,092.70 के स्तर पर बंद हुआ।
सुबह लगभग 9:55 बजे, सेंसेक्स करीब 645 अंकों की मजबूती के साथ 77,309 के आसपास और निफ्टी करीब 200 अंक चढ़कर 24,098 के करीब कारोबार करता दिखा। इंट्रा-डे में दोनों इंडेक्स ने और भी ऊंचे स्तर छुए।
बाजार में तेजी की मुख्य वजहें
वैश्विक तनाव में कमी
मध्य-पूर्व से जुड़ी चिंताओं में कुछ नरमी आई है। डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयान, जिसमें उन्होंने ईरान के साथ तनाव जल्द खत्म होने की संभावना जताई, ने निवेशकों के भरोसे को बढ़ाया। इसके अलावा ईरान-पाकिस्तान कूटनीतिक गतिविधियों ने भी बाजार को सपोर्ट दिया।
एशियाई बाजारों की मजबूती
एशिया के प्रमुख बाजारों में भी तेजी रही। जापान का Nikkei 225, ताइवान वेटेड, दक्षिण कोरिया का कोस्पी और अन्य बाजारों में अच्छी बढ़त ने भारतीय बाजार को सकारात्मक दिशा दी।
कम हुआ डर का स्तर
मार्केट वोलैटिलिटी को मापने वाला India VIX गिरकर करीब 18.7 के स्तर पर आ गया, जो यह संकेत देता है कि निवेशकों में घबराहट कम हुई है।
फार्मा सेक्टर की दमदार भूमिका
फार्मा सेक्टर में खास तेजी देखने को मिली, जिसका बड़ा कारण Sun Pharmaceutical Industries की बड़ी डील रही। कंपनी ने Organon & Co. को खरीदने का ऐलान किया है। इस खबर के बाद सन फार्मा के शेयरों में 7% से अधिक की उछाल आई और यह सेंसेक्स का टॉप गेनर बन गया।
