शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 772 अंक लुढ़का, निफ्टी 24,000 से फिसला
punjabkesari.in Friday, Apr 24, 2026 - 10:32 AM (IST)
मुंबईः घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में शुक्रवार को भारी गिरावट दर्ज की गई। तेल की बढ़ती कीमतों और विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई है। बीएसई सेंसेक्स 772.26 अंक फिसलकर 76,891.74 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 214.25 अंक टूटकर 223,958.05 अंक पर पहुंच गया।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से एचसीएल टेक, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, सन फार्मा, टेक महिंद्रा और भारती एयरटेल के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे। वहीं अल्ट्राटेक सीमेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर में तेजी दर्ज की गई।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट में रहे जबकि जापान के निक्की 225 में बढ़त दर्ज की गई। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.89 प्रतिशत चढ़कर 106 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 3,254.71 करोड़ रुपए के शेयर बेचे।
