लाल निशान पर बंद हुआ शेयर बाजार, फिर भी निवेशकों ने कमाए ₹2.55 लाख करोड़
punjabkesari.in Friday, May 16, 2025 - 05:06 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः शुक्रवार, 16 मई को भारतीय शेयर बाजार मिलेजुले रुख के साथ बंद हुआ। प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी में कमजोरी रही, वहीं स्मॉलकैप और मिडकैप शेयरों में जोरदार तेजी देखी गई। IT सेक्टर में बिकवाली के कारण सेंसेक्स 200.15 अंक या 0.24% गिरकर 82,330.59 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 42.30 अंक या 0.17% टूटकर 25,019.80 पर बंद हुआ। गिरावट पर बंद होने के बावजूद निवेशकों को 2.5 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का फायदा हुआ।
स्मॉलकैप और मिडकैप शेयरों में तेजी
ब्रॉडर मार्केट में खरीदारी का माहौल बना रहा। बीएसई स्मॉलकैप इंडेक्स 1.18% और मिडकैप इंडेक्स 0.85% की बढ़त के साथ बंद हुए। डिफेंस, रेलवे, रियल एस्टेट, पावर, कैपिटल गुड्स और यूटिलिटी सेक्टर के शेयरों में निवेशकों ने जबरदस्त रुचि दिखाई।
निवेशकों की संपत्ति ₹2.55 लाख करोड़ बढ़ी
BSE में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 16 मई को बढ़कर ₹442.74 लाख करोड़ हो गया, जो एक दिन पहले ₹440.19 लाख करोड़ था। इस तरह निवेशकों की संपत्ति में एक दिन में ₹2.55 लाख करोड़ का इजाफा हुआ।
सेंसेक्स के टॉप गेनर्स
BSE सेंसेक्स के 30 में से 16 शेयर हरे निशान में बंद हुए। इनमें सबसे ज्यादा तेजी इटर्नल (1.38%), हिंदुस्तान यूनिलीवर, एशियन पेंट्स, ITC और टाटा मोटर्स के शेयरों में 0.36% से 1.10% तक की रही।
टॉप लूजर्स
14 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। सबसे बड़ी गिरावट भारती एयरटेल (2.81%) में दर्ज की गई। इसके अलावा HCL Tech, SBI, Infosys और Tech Mahindra में 0.79% से लेकर 2.14% तक की कमजोरी देखी गई।