कोच्चि में चलेगी देश की पहली वॉटर मेट्रो, 819 करोड़ की आएगी लागत

punjabkesari.in Saturday, Dec 15, 2018 - 04:26 PM (IST)

कोच्चिः दिसंबर 2019 से आप वॉटर मेट्रो की भी सवारी कर सकेंगे। कोच्चि मेट्रो रेल लिमिटेड ने पहले इसे अप्रैल में चलाने की योजना बनाई थी लेकिन फिर इसे अक्टूबर तक के लिए आगे बढ़ा दिया गया था। यह प्रॉजेक्ट जर्मन की मदद से तैयार होगा। KMRL के डायरेक्टर एपीएम मोहम्मद हैनिश ने बताया कि जनवरी तक मेट्रो का टेंडर दे दिया जाएगा।

मेट्रो एजेंसी एक एंटिग्रेटेड वॉटर ट्रांसपॉर्ट प्रॉजेक्ट शुरू कर रही है जिसकी लागत 819 करोड़ रुपए होगी। जर्मनी की कंपनी KfW में 582 करोड़ रुपए लगा रही है। हैनिश ने कहा कि जर्मनी के राजदूत प्रॉजेक्ट की प्रगति से बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण का काम तेजी से शुरू हो गया है।

उन्होंने कहा, 'वॉटर स्टेशन तक पहुंचने के लिए बनाई जाने वाली सड़कों पर हमारा ध्यान है। पहले हम इन सड़कों को चौड़ी करेंगे। इससे द्वीपों पर रहने वाले लोगों के जीवन स्तर में भी सुधार होगा।' वॉटर मेट्रो से द्वीपों पर रहने वाले करीब 1 लाख लोगों को फायदा होगा।

वर्तमान में योजना के अनुसार इस प्रॉजेक्ट में दो तरह की नाव होंगी। इन्हें फाइबर रेनफोर्स्ड प्लास्टिक से बनाया जाएगा। ये नाव इको-फ्रेंडली होंगी और बैटरी से चलेंगी। KMRL ने चार कंपनियों को नौकाएं बनाने का ठेका दिया है। ये नौकाएं एक द्वीप से दूसरे द्वीप तक चलेंगी। 76 किलोमीटर की दूरी में 15 रूट पर नौकाएं चलाई जाएंगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

jyoti choudhary

Recommended News

Related News