मार्च में डगमगाया शेयर बाजार, इन स्टॉक्स ने लगाया गोता

punjabkesari.in Tuesday, Apr 07, 2026 - 05:15 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः वित्त वर्ष 2025-26 भारतीय शेयर बाजार के लिए उतार-चढ़ाव भरा रहा। साल की शुरुआत में जहां बाजार को मजबूत आर्थिक ग्रोथ, नियंत्रित महंगाई और RBI की दरों में कटौती से सहारा मिला, वहीं मार्च 2026 में पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और विदेशी निवेशकों की बिकवाली ने पूरी तेजी पर पानी फेर दिया।

वित्त वर्ष के अंत तक निफ्टी 50 करीब 1,188 अंक यानी 5% से ज्यादा गिरकर 22,331 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं सेंसेक्स में 5,467 अंकों यानी 7% से अधिक की गिरावट दर्ज की गई और यह 71,947 पर बंद हुआ। मार्च महीने में जहां कुछ सेक्टर्स में तेजी देखने को मिली, वहीं कई बड़े शेयरों ने निवेशकों को निराश किया।  

महीने के टॉप लूजर शेयरों में लार्सन एंड टुब्रो (L&T) सबसे आगे रहा, इसके अलावा हिंडाल्को, टाटा स्टील, टाटा मोटर्स और एचडीएफसी बैंक भी टूटे।

मिड-मंथ में बढ़ी गिरावट

मार्च के मध्य में बाजार में दबाव और बढ़ गया। 13 मार्च को L&T, हिंडाल्को और टाटा स्टील जैसे शेयरों में तेज गिरावट देखने को मिली, जिससे बाजार पर नकारात्मक असर पड़ा।

1. लार्सन एंड टुब्रो (L&T)

मार्च 2026 में इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर की दिग्गज कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (L&T) के शेयरों में तेज गिरावट दर्ज की गई। पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के चलते निवेशकों के सेंटिमेंट पर असर पड़ा, जिसका सीधा प्रभाव इस स्टॉक पर देखने को मिला।

महीने की शुरुआत में L&T का शेयर ₹4,066 के आसपास मजबूत स्तर पर कारोबार कर रहा था लेकिन जैसे-जैसे वैश्विक तनाव बढ़ा, स्टॉक में लगातार बिकवाली देखने को मिली। महीने के अंत तक यह गिरकर ₹3,504.10 पर बंद हुआ यानी पूरे मार्च में इसमें 20% से ज्यादा की गिरावट आई।

2. हिंडाल्को इंडस्ट्रीज़ (Hindalco Industries)

मार्च 2026 में मेटल सेक्टर की दिग्गज कंपनी हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के शेयरों में जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला। महीने की शुरुआत में शेयर मजबूत स्तर पर कारोबार कर रहा था लेकिन अंत तक इसमें गिरावट दर्ज की गई। महीने की शुरुआत में हिंडाल्को का शेयर ₹940–₹960 के आसपास ट्रेड कर रहा था लेकिन महीने के आखिर में इनमें गिरावट आई। 30 मार्च को यह 884.55 रुपए पर बंद हुआ।

वहीं, अप्रैल 2026 की शुरुआत में शेयर में रिकवरी देखने को मिली और यह फिर से ₹927–₹955 के स्तर पर पहुंच गया।

3. टाटा स्टील के शेयर (Tata Steel)

मार्च 2026 में टाटा स्टील के शेयरों में हलचल भरा रुख देखने को मिला। पूरे महीने के दौरान यह स्टॉक करीब ₹183 से ₹211 के दायरे में कारोबार करता रहा और अंत में लगभग ₹191–₹196 के स्तर पर बंद हुआ।

महीने की शुरुआत में शेयर करीब ₹211 के आसपास मजबूत स्थिति में था लेकिन मिड-मार्च में इसमें गिरावट आई और यह ₹180 के निचले स्तर तक पहुंच गया। 12 मार्च को डिलीवरी वॉल्यूम में करीब 30.71% की गिरावट के बाद स्टॉक पर दबाव बढ़ा, जिससे इसमें तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला।
 
कुल मिलाकर, मार्च 2026 शेयर बाजार के लिए चुनौतीपूर्ण रहा। वैश्विक हालात के दबाव में शेयर में भारी गिरावट आई, हालांकि आने वाले समय में बाजार की स्थिरता के साथ इसमें सुधार की उम्मीद की जा रही है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News