Share Market Today: शेयर बाजार में बड़ा क्रैश: सेंसेक्स 780 अंक टूटा, निफ्टी भी 200 अंक लुढ़का
punjabkesari.in Wednesday, Jun 03, 2026 - 09:58 AM (IST)
Share Market Today: आज बुधवार 3 जून को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत सुस्ती के साथ हुई। पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव (Geopolitical Tensions) का असर घरेलू निवेशकों के सेंटिमेंट पर साफ देखा जा रहा है। इसी वजह से आज दोनों मुख्य सूचकांक लाल निशान में खुले।
Sensex: बीएसई (BSE) का 30 शेयरों वाला बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स आज सुबह (9:30 am) 780 अंकों की कमजोरी के साथ 73,867 के स्तर पर खुला।
Nifty: नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के निफ्टी ने भी निराश किया और यह 200 अंकों की गिरावट के साथ 23,285 के स्तर पर खुला।
एशियाई बाजार: जापान में रिकॉर्ड तेजी, हांगकांग में बिकवाली
हालांकि अमेरिका-ईरान के बीच शांति समझौते को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है, लेकिन एशियाई बाजारों के निवेशकों ने फिलहाल इस चिंता को पीछे छोड़ दिया है। जापान के शेयर बाजार में आज ऐतिहासिक तेजी देखी गई। वहां का मुख्य इंडेक्स निक्केई 225 (Nikkei 225) 1,400 अंक (2.14%) की भारी बढ़त के साथ 68,213 के पार निकल गया, जो इसका अब तक का नया ऑल-टाइम हाई (All-Time High) रिकॉर्ड है। इसके अलावा टॉपिक्स (Topix) इंडेक्स भी 0.93% मजबूत हुआ।
- दूसरी तरफ, हांगकांग के बाजार में आज मंदी का माहौल है। यहाँ का हैंग सेंग (Hang Seng) इंडेक्स करीब 1.18% टूटकर 25,731 के स्तर पर आ गया।
-आज दक्षिण कोरिया के शेयर बाजार सार्वजनिक अवकाश (Public Holiday) के कारण बंद हैं।
कच्चा तेल और कमोडिटी मार्केट
ग्लोबल तनाव के कारण कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में तेजी का रुख बना हुआ है:
वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड वायदा 1.25% की बढ़त के साथ 94.92 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय मानक माना जाने वाला ब्रेंट क्रूड आज सुबह 1.13% बढ़कर 97.08 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
डॉलर मजबूत, रुपया कमजोर
दुनिया की 6 प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर इंडेक्स (DXY) आज 0.02% बढ़कर 99.24 के स्तर पर देखा गया। डॉलर की इस मजबूती का असर भारतीय करेंसी पर भी पड़ा, जहां पिछले कारोबारी सत्र (2 जून) में रुपया 0.28% की गिरावट के साथ डॉलर के मुकाबले 95.27 के स्तर पर बंद हुआ था।
