ATM New Rules: SBI ने बदले ATM नियम, कैश निकालने पर लगेगा चार्ज, फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट भी घटी
punjabkesari.in Thursday, Sep 24, 2026 - 05:57 PM (IST)
नई दिल्लीः अगर आपका खाता भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में है, तो यह खबर सीधे आपकी जेब पर असर डाल सकती है। बैंक ने एटीएम (ATM) और कैश निकासी (Cash Withdrawal) के नियमों में बदलाव किए हैं जो 1 अक्टूबर 2026 से लागू होंगे। नए नियमों का असर सैलरी पैकेज अकाउंट और बेसिक सेविंग्स बैंक डिपॉजिट (BSBD) अकाउंट वाले ग्राहकों पर पड़ेगा।
SBI ने कुछ मामलों में फ्री ATM ट्रांजैक्शन की सीमा में बदलाव किया है। तय सीमा से अधिक ट्रांजैक्शन करने पर ग्राहकों को निर्धारित शुल्क देना होगा।
Salary Account वालों के लिए बदली फ्री लिमिट
SBI के सैलरी अकाउंट होल्डर्स को दूसरे बैंकों के ATM और ADWM से हर महीने मिलने वाली फ्री ट्रांजैक्शन सुविधा में बदलाव किया गया है। 1 अक्टूबर से दूसरे बैंक के ATM पर फ्री ट्रांजैक्शन की संख्या 10 से घटकर 5 प्रति माह हो जाएगी। इसमें कैश निकासी जैसे वित्तीय और बैलेंस चेक या मिनी स्टेटमेंट जैसे गैर-वित्तीय ट्रांजैक्शन शामिल हैं।
फ्री लिमिट खत्म होने के बाद लागू शुल्क इस प्रकार होगा:
- कैश निकासी: ₹23 + GST प्रति ट्रांजैक्शन
- नॉन-फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन: ₹11 + GST प्रति ट्रांजैक्शन
हालांकि, SBI के अपने ATM के इस्तेमाल या सामान्य सेविंग्स अकाउंट पर इन बदलावों का असर नहीं बताया गया है।
BSBD अकाउंट में 4 कैश निकासी फ्री
बेसिक सेविंग्स बैंक डिपॉजिट (BSBD) खातों के लिए कैश विड्रॉल के नियमों में बदलाव किया गया है। महीने में शुरुआती 4 कैश विड्रॉल बिल्कुल फ्री रहेंगे, चाहे आप SBI ATM, दूसरे बैंक ATM, ब्रांच या AEPS से पैसे निकालें। 4 फ्री चांस खत्म होने के बाद 5वीं बार से हर बार पैसे निकालने पर 15 रुपए + GST का चार्ज देना होगा।
BSBD अकाउंट की खास शर्तें....
BSBD अकाउंट को मुख्य रूप से उन ग्राहकों के लिए बनाया गया है, जिन्हें सामान्य बैंकिंग सुविधाएं कम लागत पर चाहिए। इसमें:
- न्यूनतम बैलेंस रखने की बाध्यता नहीं होती।
- ग्राहक के पास SBI में दूसरा सेविंग्स अकाउंट नहीं होना चाहिए।
- पात्र ग्राहकों को RuPay डेबिट कार्ड की सुविधा मिलती है।
- खाते पर सामान्यतः सालाना मेंटेनेंस चार्ज नहीं होता।
