Bank Strike: 11 सितंबर को बैंक हड़ताल, फिर लगातार 2 दिन छुट्टी, ग्राहकों के लिए SBI ने जारी की एडवाइजरी

punjabkesari.in Thursday, Sep 10, 2026 - 11:19 AM (IST)

नई दिल्लीः बैंक कर्मचारियों के संगठनों द्वारा शुक्रवार 11 सितंबर को हड़ताल को देखते हुए बैंकों ने ग्राहकों से जरूरी काम गुरुवार को ही निपटा लेने की सलाह दी है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (UFBU) ने 11 सितंबर को हड़ताल के लिए बैंकों को नोटिस दिया है। इसके बाद 12 सितंबर को महीने का दूसरा शनिवार होने के कारण अवकाश रहेगा और 13 सितंबर को रविवार की साप्ताहिक छुट्टी के कारण बैंक बंद रहेंगे। 

फोरम के तहत बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों के जुड़े सात संगठन आते हैं। वे बैंकों में पांच दिन के सप्ताह और इंसेंटिव योजना की समीक्षा की मांग कर रहे हैं। देश के सबसे बड़े ऋणदाता भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने बुधवार को सोशल मीडिया पर ग्राहकों के लिए जारी सूचना में कहा है कि हड़ताल के दौरान 'हम आवश्यक सेवाएं प्रदान करने का प्रयास कर रहे हैं...।' उसने ग्राहकों से निवेदन किया है कि वे महत्वपूर्ण बैंकिंग लेनदेन हड़ताल की तिथि से पहले पूरा कर लें। 

एसबीआई ने नकदी जरूरतों के लिए एटीएम का और ग्राहक सेवा केंद्रों का उपयोग करने की सलाह दी है। साथ ही ग्राहकों को इंटरनेट बैंकिंग, योनो ऐप, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई और अन्य डिजिटल चैनलों को प्राथमिकता देने की अपील की है। यूएफबीयू ने बताया है कि पहले चरण में 11 सितंबर को एक दिन की हड़ताल की जाएगी। इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं होने पर दूसरे चरण में 28-30 सितंबर तक तीन दिन की हड़ताल और तीसरे चरण में 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई है। 

एसबीआई ने सोमवार को शेयर बाजारों को बताया था कि उसने हड़ताल के दिनों में सभी शाखाओं और कार्यालयों में कामकाज सुचारू रूप से चलाने के लिए पर्याप्त व्यवस्था की है। हालांकि हड़ताल से कामकाज पर असर पड़ने की आशंका है। यूएफबीयू में अखिल भारतीय बैंक कर्मचारी संघ, अखिल भारतीय बैंक अधिकारी परिसंघ, बैंक कर्मचारियों का राष्ट्रीय परिसंघ, अखिल भारतीय बैंक अधिकारी संघ, भारतीय बैंक कर्मचारी महासंघ, भारतीय राष्ट्रीय बैंक कर्मचारी महासंघ और भारतीय राष्ट्रीय बैंक अधिकारी कांग्रेस शामिल हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News