Bank Strike: तुरंत निपटा लें बैंक से जुड़ा जरूरी काम, 5 दिन बंद रहेंगे बैंक, SBI ने जारी की एडवाइजरी

punjabkesari.in Monday, Sep 21, 2026 - 11:37 AM (IST)

नई दिल्लीः देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने अपने ग्राहकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। बैंक ने ग्राहकों से अपील की है कि वे देशव्यापी तीन-दिवसीय बैंक हड़ताल से पहले ही अपने जरूरी बैंकिंग काम निपटा लें।

बता दें कि यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर, 2026 तक तीन-दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है। बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारी इस हड़ताल में शामिल होते हैं तो बैंकिंग सेवाएं पर असर पड़ सकता है।

लगातार पांच दिन प्रभावित रह सकता है बैंकिंग कामकाज

हड़ताल से पहले 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंक शाखाएं पहले से ही दो दिन बंद रहेंगी। इसके बाद 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल के चलते लगातार पांच दिनों तक शाखाओं में नियमित कामकाज प्रभावित होने की संभावना है।

SBI ने ग्राहकों को क्या सलाह दी?

SBI ने ग्राहकों से कहा है कि वे 25 सितंबर 2026 तक चेक क्लीयरेंस, लोन डॉक्यूमेंटेशन, KYC अपडेट और डिमांड ड्राफ्ट जैसे जरूरी ब्रांच संबंधी काम निपटा लें।

बैंक ने हड़ताल की अवधि में ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल करने की सलाह भी दी है। ग्राहक अपनी जरूरत के अनुसार UPI, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और YONO जैसी सेवाओं का उपयोग कर सकते हैं।

किन मांगों को लेकर बैंक यूनियनों ने बुलाई हड़ताल?

बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में 5-डे बैंकिंग, पेंशन से जुड़े सुधार, संशोधित परफॉर्मेंस-लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना और कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का समाधान शामिल है। यूनियनों ने यह भी कहा है कि मांगों पर समाधान नहीं होने की स्थिति में 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल का कदम उठाया जा सकता है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News