शेयर बाजार में SBI फंड्स मैनेजमेंट की मजबूत शुरुआत, 7% प्रीमियम पर हुई लिस्टिंग

punjabkesari.in Tuesday, Jul 21, 2026 - 12:07 PM (IST)

नई दिल्लीः एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट का शेयर अपने निर्गम मूल्य 574 रुपए के मुकाबले करीब सात प्रतिशत की बढ़त के साथ मंगलवार को बाजार में सूचीबद्ध हुआ। बीएसई पर कंपनी का शेयर 610 रुपए पर सूचीबद्ध हुआ, जो निर्गम मूल्य से 6.27 प्रतिशत अधिक है। बाद में यह 8.85 प्रतिशत चढ़कर 624.80 रुपए पर पहुंच गया। एनएसई पर शेयर ने 613.30 रुपए पर शुरुआत की जो निर्गम मूल्य के मुकाबले 6.84 प्रतिशत की बढ़त दर्शाता है। कंपनी का बाजार पूंजीकरण 1,25,845.39 करोड़ रुपए रहा। 

एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को पिछले सप्ताह बृहस्पतिवार को बोली बंद होने तक 41.66 गुना अभिदान मिला था। इसके 9,812.91 करोड़ रुपए के आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 545-574 रुपए प्रति शेयर तय किया गया था। यह सार्वजनिक निर्गम पूरी तरह बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित था। मौजूदा शेयरधारक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और अमुंडी ने 17.09 करोड़ तक शेयर की बिक्री पेशकश की। 

वर्ष 1987 में स्थापित एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट, 31 मार्च 2026 तक तिमाही औसत प्रबंधन अधीन परिसंपत्तियों (क्यूएएयूएम) के आधार पर भारत की सबसे बड़ी परिसंपत्ति प्रबंधन कंपनी है। म्यूचुअल फंड के तहत उसकी 12.51 लाख करोड़ रुपए की प्रबंधनाधीन परिसंपत्तियां हैं और उसकी बाजार हिस्सेदारी 15.3 प्रतिशत है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News