लॉकडाउन का असर, दो दिन में सब्जियों के दामों ने छुआ आसमान
punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2020 - 12:46 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः कोरोना वयरस से भले ही तमाम बिजनेस धराशायी हो गए हों लेकिन सब्जियों का धंधा खूब चमक रहा है। लॉकडाउन के बीच सब्जियों के भाव आसमान छू रहे हैं। दो दिनों में सब्जियों की कीमतों में 30-40 फीसदी तक का उछाल आ गया है। सप्लाई कम होने से थोक मंडी में भी महंगाई की मार पड़ी है। सरकार लोगों को बार-बार आगाह कर रही है कि जबतक जरूरी ना हो घरों से बाहर ना निकलें, इसके बावजूद लोग सब्जियों को हफ्ते भर के लिए एक साथ खरीद लेना चाहते हैं।
ट्रकों की आमद हुई आधी
बुधवार को लॉकडाउन लागू होते ही गुरुवार को देश की सबसे बड़ी सब्जी मंडी यानी दिल्ली की आजादपुर मंडी में इसका असर साफ दिखाई देने लगा। पहले जहां 3000 ट्रक फल और सब्जियां लेकर रोजाना आजादपुर मंडी आते थे। अब महज 1000 से 1500 ट्रक ही रोजाना आ रहे हैं यानी सप्लाई में 50 फीसदी की कमी आई है। इसी वजह से लॉकडाउन लागू होते ही सब्जियां भाव खाने लगी हैं।
लॉकडाउन से पहले लॉकडाउन के बाद
आलू 16 30
प्याज 21 40
टमाटर 20 40
सेब 120 200
पपीता 85 120