पीएम मोदी के नोटबंदी के फैसले को लग सकता है झटका!

punjabkesari.in Wednesday, Dec 28, 2016 - 01:03 PM (IST)

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नोटबंदी के फैसले को बड़ा झटका लग सकता है। सूत्रों के अनुसार पिछले कई दिनों से पश्चिम बंगाल के सालबोनी की मुद्रा प्रिंटिंग प्रेस में  लगातार नोट छपाई का काम जोरों पर चल रहा है। 24 घंटे काम करते रहने से नोटों को छाप रहे कर्मचारियों का शरीर जवाब देने लगा है और वह लगातार बीमार पड़ रहे हैं।  अब प्रेस के कर्मचारियों ने ओवरटाइम करने से साफ इनकार कर दिया है। बता दें कि नोटबंदी के बाद से प्रिटिंग प्रेस में कर्मचारी 9 घंटे की शिफ्ट से ज्यादा काम कर रहे थे, ताकि ज्यादा नोटों की छपाई हो सके।

9 घंटे से ज्यादा ड्यूटी करने से इंकार
अधिकारियों के मुताबिक प्रेस के कर्मचारियों के एक वर्ग ने उन्हें सूचित किया है कि वे 9 घंटे से अधिक समय तक ड्यूटी नहीं करेंगे। भारतीय रिजर्व बैंक नोट मुद्रण प्राइवेट लिमिटेड (बी.आर.बी.एन.एम.पी.एल.) के कर्मचारी संघ ने अधिकारियों को एक नोटिस जारी कर कहा है कि 14 दिसंबर से लगातार ओवरटाइम शिफ्ट में काम करने की वजह से उनके कई सदस्य बीमार पड़ गए हैं।

पारिवारिक व सामाजिक काम-काज प्रभावित
तृणमूल कांग्रेस के सांसद और संघ के अध्यक्ष सिसिर अधिकारी ने कहा कि मैसूर और सालबोनी में मुद्रा प्रिंटिंग प्रेस के कई कर्मचारी बीमार पड़ गए हैं। 14 दिसंबर से अधिकारियों द्वारा सभी कर्मचारियों को 12 घंटे की शिफ्ट में काम करने के लिए मजबूर किया गया ताकि नकदी की कमी पूरी की जा सके। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के लगातार काम करते रहने से उनके परिवार पर भी इसका उल्टा असर पड़ रहा है और लोगों के पारिवारिक व सामाजिक काम-काज प्रभावित हो रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News