आधी से अधिक आबादी फिटनेस पर देती है हर सप्ताह अपने 4 घंटे

punjabkesari.in Friday, May 12, 2017 - 07:18 PM (IST)

नई दिल्लीः अतिव्यस्त दिनचर्या के बावजूद लोगों के बीच फिटनेस के प्रति दिवानगी बढ़ी है और देश की 60 प्रतिशत आबादी हर सप्ताह 4 घंटे खुद को चुस्त-दुरुस्त करने में खर्च करती है। ‘फिटनेस इका लाइफ’ का मंत्र युवा पीढ़ी तक पहुंचाने के मकसद से रीबॉक इंडिया ने देश में पहली बार फिटनेस सर्वेक्षण कराया। सर्वेक्षण के मुताबिक भारत फिटनेस के मोर्चे पर बेहतरीन प्रदर्शन कर रहा है। 

सर्वेक्षण में शामिल 10 में से 9 लोगों का कहना है फिटनेस बेहद महत्वपूर्ण है और 80 फीसदी से अधिक लोग सेहतमंद जीवनशैली को अपनाने के लिए प्रेरित हैं। सर्वेक्षण में शामिल 60 फीसदी से अधिक लोगों ने कहा कि वे हर हफ्ते फिटनेस पर 4 घंटे से अधिक समय देते हैं और इस तरह सेहत एवं फिटनेस को लेकर आलस्य या लापरवाही का रवैया छोड़ चुके हैं।  

भारतीय शहरों में दौडऩे को सबसे प्रिय शारीरिक गतिविधि के तौर पर पाया गया है। इसकी लोकप्रियता की प्रमुख वजहों में जरूरी उपकरणों पर सीमित निवेश और इसे कैसे अन्य गतिविधियों के साथ जोड़ा जा सकता है, आदि शामिल हैं। मैराथन में भी लोगों की सक्रिय भागीदारी देखी जाती है और सर्वेक्षण में शामिल 56 फीसदी लोगों ने हर 2 साल में कम से कम एक मैराथन में भाग लिया है। दूसरी लोकप्रिय गतिविधि योग है तथा हर शहर में करीब 70 फीसदी लोग तनाव या चिंता कम करने के लिए योगाभ्यास करते हैं। पारंपरिक गतिविधियों के अलावा लोग क्रॉसफिट, मिक्स्ड मार्शल आर्ट, किकबॉक्सिंग तथा कॉम्बैट ट्रेनिंग से भी परिचित हैं। स्ट्रैन्थ वर्कआउट करने वाले लोग फिटनेस को लेकर काफी गंभीर हैं। 

भारत में स्ट्रैन्थ वर्कआउट अब महिलाओं के बीच भी लोकप्रिय हो चला है और करीब 41 फीसदी महिलाएं इन गतिविधियों से जुड़ी हैं। अधिकांश महिलाएं फिटनेस में सुधार तथा आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से स्ट्रैन्थ वर्कआउट करती हैं। 80 फीसदी से अधिक महिलाएं सेहतमंद जीवनशैली के लिए पूरी तरह सजग होकर प्रयास करती हैं। सिर्फ एक तरह का व्यायाम करने की बजाय 65 फीसदी ग्रुप में या अपने पार्टनर के साथ स्ट्रैच, बैंड, रन और स्क्वैट करना पसंद करती हैं। 

सर्वेक्षण से यह भी खुलासा हुआ है कि भारतीय अपनी फिटनेस बरकरार रखने के लिए सिर्फ एक किस्म की एक्टिविटी तक सीमित नहीं रहते। वे तरह-तरह की एक्टिविटी करना चाहते हैं, 10 में से महज 2 ही लोग एक प्रकार की एक्टिविटी तक सीमित रहते हैं, बाकी दो से अधिक से जुड़े हुए हैं। देश भर के 8 शहरों में 20 से 35 साल की आयु वर्ग के जिन 1,500 से अधिक पुरुषों (54 प्रतिशत) और महिलाओं (46 प्रतिशत) को सर्वे में शामिल किया गया, वे हर हफ्ते कम से कम एक फिटनेस एक्टिविटी से जुड़े हुए थे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News