Iran-US Tensions: ईरान-अमेरिका तनाव से सहमा बाजार, सेंसेक्स-निफ्टी में गिरावट, निवेशकों की चिंता बढ़ी

punjabkesari.in Friday, Mar 13, 2026 - 12:57 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः एशियाई बाजारों में कमजोरी और पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का असर शुक्रवार (13 मार्च) को भारतीय शेयर बाजार पर भी देखने को मिला। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन बाजार गिरावट के साथ खुले। अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय तक चलने वाले संभावित संघर्ष की आशंकाओं ने निवेशकों के सेंटीमेंट को कमजोर किया है। इसके साथ ही विदेशी निवेशकों की बिकवाली और डॉलर के मुकाबले रुपए की कमजोरी ने भी बाजार पर दबाव बढ़ाया। मेटल, आईटी और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में बिकवाली के कारण प्रमुख सूचकांक नीचे आ गए।

तीस शेयरों वाला BSE Sensex 75,444 के स्तर पर खुला, जबकि गुरुवार को यह 76,034 अंक पर बंद हुआ था। इस समय सेंसेक्स 1242.28 अंक यानी 1.63 प्रतिशत की गिरावट के साथ 74,792.14 अंक पर कारोबार कर रहा था। वहीं Nifty 410.25 अंक यानी 1.74  प्रतिशत टूटकर  23,228.90 के आसपास कारोबार करता दिखाई दिया। 

वैश्विक बाजारों का हाल

वैश्विक बाजारों में भी दबाव बना हुआ है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और लंबे समय तक संघर्ष की आशंका से निवेशकों में जोखिम से बचने का रुख दिखाई दे रहा है। एशियाई बाजारों में जापान का Nikkei 225 करीब 1.13 प्रतिशत और दक्षिण कोरिया का KOSPI 1.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था। वहीं ऑस्ट्रेलिया का S&P/ASX 200 हल्की बढ़त के साथ ट्रेड कर रहा था।

अमेरिकी बाजारों में भी कमजोरी देखने को मिली। रातभर के कारोबार में S&P 500 और Dow Jones Industrial Average क्रमशः 1.52 प्रतिशत और 1.56 प्रतिशत गिरकर बंद हुए।

ब्रेंट क्रूड तेल 100 डॉलर के पार

इस बीच ऊर्जा बाजार में भी उतार-चढ़ाव बना हुआ है। वैश्विक बेंचमार्क Brent Crude की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बनी हुई थी। बाद में इसमें हल्की गिरावट आई और मई फ्यूचर्स अनुबंध करीब 0.47 प्रतिशत गिरकर 100.91 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखाई दिया। इससे पहले यह 101.78 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया था।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News