LPG Price Hike: महीने के पहले ही दिन महंगाई का झटका, कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर हुआ महंगा, चेक करें नए रेट
punjabkesari.in Tuesday, Sep 01, 2026 - 06:21 AM (IST)
नई दिल्ली: सितंबर महीने की शुरुआत के साथ ही एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खबर आई है। आज 1 सितंबर से जारी नए रेट के मुताबिक,कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के उपभोक्ताओं को महंगाई का सामना करना पड़ेगा। देश भर में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में 9.50 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। यह बढ़ोतरी जम्मू-कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी और गुजरात से लेकर पूर्वोत्तर राज्यों तक पूरे देश में लागू हो गई है। हालांकि, घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे आम रसोई बजट को बड़ी राहत मिली है।
महानगरों में कमर्शियल सिलेंडर के नए दाम
इंडियन ऑयल द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, देश की राजधानी दिल्ली में अब 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर 9.50 रुपये महंगा होकर ₹2747.50 का हो गया है, जो कल तक ₹2738 का था। चेन्नई में भी कमर्शियल सिलेंडर की कीमत अब बढ़कर ₹2916.50 हो गई है, जबकि कल तक यह ₹2906 का बिक रहा था।
5 किलो वाले छोटे सिलेंडरों का हाल
छोटे सिलेंडरों की बात करें तो 5 किलो वाले सामान्य एलपीजी सिलेंडर का रेट ₹349.50 पर पूरी तरह स्थिर है और XTRALITE सिलेंडर भी ₹339 पर बरकरार है। हालांकि, 5 किलो वाले नॉन-डोमेस्टिक (गैर-घरेलू) भरे हुए सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो अब ₹762 से बढ़कर ₹764 का हो गया है। आंकड़ों के मुताबिक, देश में सबसे सस्ता घरेलू और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर मुंबई में मिल रहा है। मुंबई में घरेलू सिलेंडर ₹941.50 और कमर्शियल सिलेंडर ₹2701 (अगस्त में ₹2691.50 था) का है।
