IPO की बहार, 162 बड़ी कंपनियां शेयर बाजार में एंट्री को तैयार, जुटाएंगी ₹2.4 लाख करोड़

punjabkesari.in Monday, Jul 14, 2025 - 06:15 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः साल 2025 की दूसरी छमाही भारत के आईपीओ बाजार के लिए ऐतिहासिक साबित हो सकती है। एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया और टाटा कैपिटल लिमिटेड जैसी कुल 162 बड़ी कंपनियां शेयर बाजार में एंट्री की तैयारी कर रही हैं। इनका मकसद पब्लिक इश्यू के जरिए रिकॉर्ड ₹2.4 लाख करोड़ जुटाना है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि भारतीय कैपिटल मार्केट में इतनी बड़ी फंडरेजिंग पहले कभी नहीं देखी गई।

71 कंपनियों को पहले ही मिल चुकी है SEBI की मंजूरी

प्राइम डेटाबेस के आंकड़ों के मुताबिक, जून 2025 के अंत तक 71 कंपनियों को सेबी से IPO के लिए मंजूरी मिल चुकी है। इन कंपनियों का कुल फंडरेजिंग टारगेट लगभग ₹1.14 लाख करोड़ है। इनमें एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया का लक्ष्य अकेले ₹15,000 करोड़ जुटाने का है। वहीं, डॉर्फ केटल केमिकल्स इंडिया और क्रेडिला फाइनेंशियल भी 5,000- 5,000 करोड़ रुपए जुटाने की तैयारी में हैं।

आने वाले बड़े आईपीओ

  • JSW सीमेंट, SMPP लिमिटेड: 4,000 करोड़ रुपए
  • हीरो फिनकॉर्प: 3,668 करोड़ रुपए
  • NSDL: 3,400 करोड़ रुपए
  • कॉन्टिनम ग्रीन एनर्जी: 3,650 करोड़ रुपए
  • एंथम बायोसाइंसेज लिमिटेड: ₹3,395 करोड़ (14 जुलाई को लॉन्च)

90 कंपनियां सेबी की मंजूरी के इंतजार में

2 जुलाई 2025 तक कुल 90 कंपनियों ने अपने DRHP सेबी को सौंप दिए हैं। इनका उद्देश्य करीब ₹1.17 लाख करोड़ जुटाने का है। इनमें सबसे बड़ा इश्यू टाटा कैपिटल लिमिटेड का है, जो ₹7,200 करोड़ जुटाना चाहती है।

अन्य अहम प्रस्तावित IPO

  • मीशो लिमिटेड: ₹4,250 करोड़
  • फिजिक्सवाला लिमिटेड: ₹4,000 करोड़
  • ओर्कला इंडिया प्राइवेट लिमिटेड: ₹3,200 करोड़
  • जुनिपर ग्रीन एनर्जी, टेनेको क्लीन एयर इंडिया: ₹3,000 करोड़ (प्रत्येक)

निवेशकों में बढ़ा भरोसा

मिडिल ईस्ट में तनाव कम होने और घरेलू बाजार में स्थिरता लौटने से निवेशकों का भरोसा फिर से मजबूत हुआ है। इसके चलते कंपनियां शेयर बाजार में उतरने का मौका भुना रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर बाजार की मौजूदा रफ्तार बनी रही, तो यह साल भारत के IPO इतिहास में सबसे बड़ा साबित हो सकता है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News