10gram Gold Rate Crash: 1,40,000 रुपए से फिसला सोना, चांदी भी टूटी, आज इतनी आई गिरावट

punjabkesari.in Friday, Jul 17, 2026 - 10:26 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार (17 जुलाई) को सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट आई है। MCX पर सोना का भाव 413 रुपए गिरकर 1,39,935 रुपए प्रति 10 ग्राम पर है। चांदी की कीमत 1978 रुपए टूटकर 2,14,035 रुपए प्रति किलोग्राम पर है।

सर्राफा बाजार में सोने-चांदी की कीमत

राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बृहस्पतिवार को सोने की कीमतें लगातार दूसरे दिन 1,46,300 रुपए प्रति 10 ग्राम पर स्थिर रहीं, जबकि वैश्विक बाजार में सुस्ती के कारण चांदी में 1,500 रुपए की गिरावट आई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,46,300 रुपए प्रति 10 ग्राम पर स्थिर रहा। 

हालांकि, चांदी लगातार चौथे दिन दबाव में रही और 1,500 रुपए टूटकर 2,24,500 रुपए प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) के स्तर पर आ गई, जो दो सप्ताह से ज़्यादा का निचला स्तर है। बुधवार को यह 2,26,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। चांदी का भाव आखिरी बार 29 जून को इस स्तर के आसपास था, जब यह 2,24,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी। पिछले चार दिन में इसमें 12,500 रुपए या 5.3 प्रतिशत की गिरावट आई है। 10 जुलाई को इसका भाव 2,37,000 रुपए प्रति किलोग्राम था। 

कारोबारियों ने कहा कि स्थानीय मांग संतुलित होने के कारण सोने की कीमत एक सीमित दायरे में रही, जबकि लगातार मुनाफावसूली और उद्योग की तरफ से कम लिवाली के कारण चांदी दबाव में रही। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ''बृहस्पतिवार को लगातार दूसरे दिन सोने की कीमत एक सीमित दायरे में रही, क्योंकि निवेशकों ने उम्मीद से कम अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों और पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की।'' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News