All Time High Gold Price: आल टाइम हाई पर पहुंचा सोना, आगे भी जारी रह सकती है तेजी

punjabkesari.in Friday, Oct 25, 2024 - 12:48 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः दुनिया भर में बदल रही जियो पॉलिटिकल स्थिति अमरीका की आर्थिकता में आ रहे सुधार और ईरान- इसराईल के बीच चल रहे तनाव के कारण सोने की कीमतें आल टाइम हाई पर चल रही हैं। अमरीका में न्यूयार्क कमोडिटी एक्सचेंज (कॉमैक्स) पर सोना 2750 डालर से ऊपर ट्रेड कर रहा है, जबकि भारत में भी सोने की कीमत 80,700 रुपए प्रति तोला तक पहुंच गई है।

भारत में त्यौहारी और शादियों के सीजन के कारण सोने की भारी मांग है लेकिन इसी बीच महंगा हुआ सोना लोगों का बजट बिगाड़ रहा है। हालांकि कुछ लोग सोने की खरीद के लिए, इसकी कीमतों के नीचे आने का इंतजार कर रहे हैं। दुनिया के बदल रहे हालातों के बीच सोने की कीमतों में कमी आने के आसार नहीं लग रहे और सोना साल के अंत तक 85,000 रुपए प्रति तोला पहुंच सकता है, जबकि चांदी के दामों में भी तेजी आने के आसार हैं।

यह भी पढ़ें: Ratan Tata की 10,000 करोड़ की संपत्ति की वसीयत का बड़ा खुलासा, डॉग टीटो का भी रखा खास ध्यान!

मंगल शनि के घटाष्टक योग से भी महंगा होगा सोना

20 अक्तूबर को मंगल कर्क राशि में प्रवेश कर गया है और मंगल का कुंभ राशि में गोचर कर रहे शनि के साथ षटाष्टक योग बन गया है। मंगल शनि का यह पटाष्टक योग दुनिया में शांति के लिए शुभ नहीं है। मंगल झगड़े के कारक ग्रह है और 20 जनवरी तक शनि के साथ षटाष्टक योग में रहेंगे। इस कारण ईरान और इसराईल के मध्य तनाव बढ़ सकता है, इसके साथ ही दुनिया के कई अन्य देशों में भी जंग के हालात पैदा हो सकते हैं।

इसका असर भी सोने और चांदी की कीमतों पर पड़ेगा तथा सोने को सुरक्षित निवेश मान कर निवेशक इसमें निवेश करेंगे। लिहाजा सोने की कीमतें नीचे आने की बजाय और ज्यादा बढ़ती हुई नजर आ सकती हैं

जियो पॉलिटिकल स्थिति में बदलाव से जारी रहेगी सोने में तेजी

दुनिया भर में जियो पॉलिटिकल स्थितियां बदल रही हैं। हाल ही में चीन, रूस और भारत के एक साथ आने से भी बाजार पर आगामी दिनों पर असर पड़ेगा। इसराईल और ईरान के मध्य चल रहे टकराव के ज्यादा बढ़ने की बाजार को आशंका है। जिस कारण सोना एक सुरक्षित निवेश माना जा रहा है।

दिल्ली की रिसर्च फर्म एस. एस. वैल्थ स्ट्रीट की संस्थापक सुगंधा सचदेवा ने कहा कि साल 2024 में इंटरनैशनल मार्कीट में सोने की कीमत 2800 डॉलर को पार कर सकती है, जबकि 2025 में सोना 3000 डॉलर को पार कर जाएगा। उन्होंने कहा कि असल में अमरीका में अर्थव्यवस्था में तेजी से बदलाव आ रहा है, महंगाई की दरें कम हो रही हैं, जिससे अमरीका के केंद्रीय बैंक फैडरल रिजर्व द्वारा दिसम्बर में भी ब्याज दरों में कटौती के आसार हैं।

यह भी पढ़ें: EPFO सदस्यों के लिए बड़ी खबर, ये खास बदलाव करने जा रही सरकार

उन्होंने कहा कि केंद्रीय बैंकों द्वारा भी सोने की खरीद में तेजी आएगी, जिससे सोने की कीमत बढ़ सकती है। चीन द्वारा अपनी अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए आर्थिक पैकेज दिए जाने की तैयारी की जा रही है, जिस कारण चांदी की कीमतों में भी तेजी आएगी और चांदी की कीमत 45 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकती है। भारत में चांदी की कीमत फिलहाल 1 लाख रुपए प्रति किलो को पार कर चुकी है और इनके सवा लाख रुपए प्रति किलो तक पहुंचने के आसार हैं।

वक्री गुरु और शनि से भी सोने में आएगी तेजी

सोने और चांदी की कीमतों में तेजी का सीधा संबंध ज्योतिष के साथ भी है। सोने का प्रतिनिधित्व करने वाला जूपिटर इस समय वृषभ राशि में वक्री अवस्था में चल रहा है और 4 फरवरी तक वक्री अवस्था में रहेगा।

गुरु की यह वक्री अवस्था भी सोने में तेजी लाने का काम करेगी। जिस कारण भी कीमतें बढ़ सकती हैं। गुरु के अलावा शनि भी 15 नवम्बर तक वक्री अवस्था में है और शनि मैटल का प्रतिनिधित्व करता है। इससे बेस मैटल की कीमतों में भी तेजी आ सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News