1,60,000 रुपए से फिसला सोने का भाव, Gold-Silver खरीदने से पहले चेक करें लेटेस्ट रेट

punjabkesari.in Friday, Mar 13, 2026 - 10:34 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार (13 मार्च) को अगर आप गोल्ड-सिल्वर खरीदने का सोच रहे हैं तो ये आपके लिए सही समय हो सकता है। आज दोनों कीमती धातुओं में गिरावट दर्ज की गई है। MCX पर सोने का वायदा भाव 303 रुपए की गिरावट के साथ 1,59,968 रुपए प्रति 10 ग्राम जबकि चांदी की कीमत 624 रुपए टूटी है, ये 2,67,341 रुपए प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी।

सर्राफा बाजार में सोने-चांदी की कीमत 

बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत 1,500 रुपए बढ़कर 2.76 लाख रुपए प्रति किलोग्राम हो गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी 1,500 रुपए या 0.54 प्रतिशत बढ़कर 2,76,500 रुपए प्रति किलोग्राम (सभी कर मिलाकर) पर पहुंच गई। बुधवार को यह 4,275 रुपए की गिरावट के साथ 2,75,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमतें 400 रुपए टूटने से तीन दिन की तेजी खत्म हो गई और यह 1,65,200 रुपए प्रति 10 ग्राम (सभी कर मिलाकर) रह गई। पिछले कारोबारी सत्र में सोना 1,65,600 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। विश्लेषकों ने कहा कि निवेशकों के भू-राजनीतिक घटनाक्रमों और अमेरिका से वृहद आर्थिक संकेतों पर नज़र रखने के बीच सोना और चांदी उल्टी दिशा में चले गए। 

लेमन मार्केट्स डेस्क के शोध विश्लेषक, गौरव गर्ग ने कहा कि सोने की कीमतों में थोड़ी गिरावट आई, जो डॉलर के मज़बूत होने और महंगाई की लगातार चिंताओं के बीच मामूली गिरावट को दर्शाता है, जबकि चांदी में मजबूती दिखी क्योंकि कारोबारियों ने अमेरिका-ईरान की स्थिति से जुड़े भू-राजनीतिक तनाव के बीच संभावित खरीदारी के मौकों पर प्रतिक्रिया दिखाई। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर चांदी 1.25 डॉलर या 1.47 प्रतिशत बढ़कर 86.99 डॉलर प्रति औंस हो गई, और सोने में मामूली वृद्धि के साथ 5,178.45 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार हुआ। मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषकों प्रवीण सिंह ने कहा, ''हाजिर सोना कच्चे तेल की कीमतों के उलट कारोबार कर रहा है। सोना 5,100-5,250 डॉलर प्रति औंस के छोटे दायरे में कारोबार कर रहा है।'' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News