Gold-Silver में गिरावट से न घबराएं, एक्सपर्ट बता रहे खरीदारी का शानदार मौका
punjabkesari.in Thursday, Jun 25, 2026 - 05:59 PM (IST)
बिजनेस डेस्कः सोने और चांदी की कीमतों में हाल ही में आई गिरावट ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। कई निवेशकों को आशंका है कि कीमतें और नीचे जा सकती हैं, जबकि बाजार विशेषज्ञ इस गिरावट को निवेश का बेहतर अवसर मान रहे हैं।
गिरावट को अवसर मान रहे बाजार विशेषज्ञ
वहीं एक्सपर्ट इस गिरावट को सस्ते में खरीदारी का एक शानदार मौका मान रहे हैं। स्विस एशिया कैपिटल (Swiss Asia Capital) के मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ इनवेस्टमेंट ऑफिसर जुएर्ग कीनर (Juerg Kiener) का कहना है कि सोने-चांदी में आने वाली हर बड़ी गिरावट को खरीदारी के मौके के रूप में देखना चाहिए।
उनके अनुसार मौजूदा कमजोरी अस्थायी है और आने वाले समय में दोनों कीमती धातुएं फिर से मजबूती दिखा सकती हैं। कीनर का मानना है कि चरणबद्ध निवेश यानी SIP जैसी रणनीति अपनाकर गिरावट के दौरान निवेश बढ़ाना लंबी अवधि में फायदेमंद हो सकता है।
क्यों दबाव में हैं सोना और चांदी?
विशेषज्ञों के मुताबिक अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में संभावित बढ़ोतरी और वैश्विक आर्थिक सुधार की उम्मीदों ने कीमती धातुओं की कीमतों पर दबाव बनाया है। हालांकि तकनीकी संकेतों के अनुसार सोना और चांदी फिलहाल ओवरसोल्ड जोन में पहुंच चुके हैं, जिससे कीमतों में रिकवरी की संभावना बढ़ सकती है।
चांदी में सप्लाई का बड़ा संकट
कीनर का कहना है कि वैश्विक स्तर पर चांदी की सप्लाई अभी भी सीमित बनी हुई है, जबकि औद्योगिक मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में लंबे समय तक कीमतों को दबाकर रखना आसान नहीं होगा। बाजार जानकारों का मानना है कि मांग और सप्लाई के बीच बढ़ता अंतर भविष्य में चांदी की कीमतों को समर्थन दे सकता है।
महंगाई बढ़ी तो फिर बढ़ सकती है मांग
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में महंगाई एक बार फिर वैश्विक बाजारों का प्रमुख मुद्दा बन सकती है। ऐसी स्थिति में निवेशक सुरक्षित निवेश विकल्पों की तलाश में सोने और चांदी की ओर रुख कर सकते हैं। इसके अलावा, आर्थिक विकास को समर्थन देने के लिए केंद्रीय बैंकों द्वारा अपनाई जाने वाली नरम मौद्रिक नीतियां भी कीमती धातुओं के लिए सकारात्मक साबित हो सकती हैं।
