₹23,211 महंगा हो चुका है सोना, जानें साल के अंत तक कहां जाएगी कीमत
punjabkesari.in Monday, Jun 16, 2025 - 06:09 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः वैश्विक बाजार में अनिश्चितता और महंगाई के डर के बीच निवेशकों का रुझान एक बार फिर से सोने की ओर बढ़ा है। इसी के चलते आज यानी 16 जून को सोने की कीमत ने नया कीर्तिमान बना दिया। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 24 कैरेट सोना ₹315 की तेजी के साथ ₹99,373 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है, जो अब तक का सर्वाधिक स्तर है। इससे पहले 13 जून को यह ₹99,170 के रिकॉर्ड स्तर पर था।
1 जनवरी से अब तक 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का दाम 76,162 रुपए से 23,211 रुपए बढ़कर 99,373 रुपए पर पहुंच गया है। वहीं, चांदी का भाव भी 86,017 रुपए प्रति किलो से 20,683 रुपए बढ़कर 1,06,700 रुपए पर पहुंच गया है। वहीं पिछले साल यानी 2024 में सोना 12,810 रुपए महंगा हुआ था।
इन 4 महीनगरों में 10 ग्राम सोने की कीमत
- दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत ₹1,01,660 और 22 कैरेट सोने की कीमत ₹93,200
- मुंबई में 24 कैरेट सोने की कीमत ₹1,01,510 और 22 कैरेट सोने की कीमत ₹93,050
- कोलकाता में 24 कैरेट सोने की कीमत ₹1,01,510 और 22 कैरेट सोने की कीमत ₹93,050
- चेन्नई में 24 कैरेट सोने की कीमत ₹1,01,510 और 22 कैरेट सोने की कीमत ₹93,050
क्या ₹1.25 लाख तक जाएगा सोना?
बैंक ऑफ अमेरिका (BoFA) का अनुमान है कि अगले 12 महीनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत $4,000 प्रति औंस तक जा सकती है।
गोल्डमैन सैक्स ने भी कहा है कि केंद्रीय बैंकों की लगातार खरीदारी और वैश्विक अस्थिरता के चलते सोना 2025 के अंत तक $3,700 और 2026 के मध्य तक $4,000 प्रति औंस पर पहुंच सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता बनी रही तो भारत में सोने की कीमत अगले 12 महीनों में ₹1.20 लाख से ₹1.25 लाख प्रति 10 ग्राम तक जा सकती है। हालांकि, यह निर्भर करेगा कि डॉलर की दिशा, ब्याज दरों की नीति और कच्चे तेल की आपूर्ति पर क्या असर पड़ता है।